इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज (रविवार) लॉर्ड्स के ऐतिहासिक स्टेडियम में खेला जाना है। भारतीय समयानुसार, रात 8 बजे से यह मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें अजेय रहते हुए खिताबी मुकाबले तक पहुंची हैं। मेजबान इंग्लैंड की नजरें दूसरे खिताब पर है।
2009 में टूर्नामेंट के उद्घाटन संस्करण में चैंपियन बनने के बाद से वह टाइटल से दूर है। इस बीच उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों तीन बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। आज वह इतिहास बदलना चाहेगी। हालांकि यह आसान नहीं रहने वाला है।
इंग्लैंड की टीम किसी भी वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई चुनौती को पार नहीं कर सकी है। टी20 वर्ल्ड कप के अलावा वनडे वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में भी उसे ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार शिकस्त दी है। गौर करने वाली बात है कि इसमें से कोई भी फाइनल इंग्लैंड में नहीं खेला गया है। ऐसे में इंग्लैंड की टीम के पास अपनी सरजमीं पर इतिहास को बदलना का सुनहरा मौका है।
यह भी पढ़ें: बाबर आजम की कप्तानी का रिकॉर्ड कैसा है? पाकिस्तान ने फिर थमाई टेस्ट की कमान
हेड टू हेड में कांटे की टक्कर
इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच विमेंस टी20 में 45 मुकाबले खेले गए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 22 मुकाबले जीते हैं, जबकि इंग्लैंड ने 20 मैचों में बाजी मारी है। दो मुकाबले टाई और एक का नतीजा नहीं निकल सका है। टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया 5-2 से आगे है। पिछले 5 मुकाबलों की बात करें तो यहां भी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 3-2 की बढ़त बनाई हुई है।
वेयरहम के सामने फंसती हैं इंग्लिश कप्तान
इंग्लैंड की कप्तान नैट सिवर-ब्रंट ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में संकटमोचक की भूमिका निभाई थी। उन्होंने उस समय 47 गेंद में 75 रन जड़े, जब इंग्लैंड ने 23 रन पर 3 विकेट खो दिए थे। नैट सिवर-ब्रंट से इंग्लैंड को आज भी ऐसी ही पारी की उम्मीद होगी। वह मौजूदा टूर्नामेंट में 3 पारियों में करीब 160 के स्ट्राइक रेट से 169 रन बना चुकी हैं। हालांकि उन्हें जॉर्जिया वेयरहम से सावधान रहना होगा। इस लेग स्पिनर ने उन्हें 5 टी20 पारियों में 3 बार चलता किया है।
यह भी पढ़ें: आधी-अधूरी तैयारी, टीम में जगह भी नहीं... रवि बिश्नोई का सेलेक्शन ही क्यों?
बड़े रिकॉर्ड के करीब ऑस्ट्रेलिया की कप्तान
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिन्यू मौजूदा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 6 मैचों में 10 विकेट चटकाए हैं। वह विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाली कप्तान बनने से महज 2 विकेट दूर हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड पाकिस्तान की फातिमा सना के नाम है। पाक कप्तान ने इसी टी20 वर्ल्ड कप में 11 विकेट झटक रिकॉर्ड बनाया था।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
इंग्लैंड - एमी जोन्स (विकेटकीपर), डैनी वायट-हॉज, नैट सिवर-ब्रंट (कप्तान), एलिस कैप्सी, हीथर नाइट, फ्रेया कैम्प, डैनी गिब्सन, चार्लोट डीन, सोफी एक्लेस्टोन, लिन्सी स्मिथ, लॉरेन बेल
ऑस्ट्रेलिया - जॉर्जिया वॉल, बेथ मूनी (विकेटकीपर), फीबी लिचफील्ड, एलिस पेरी, ऐश्ली गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिन्यू (कप्तान), किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन


