अर्जेंटीना और स्पेन के बीच रविवार को होने वाला फाइनल मुकाबला सिर्फ FIFA वर्ल्ड कप ट्रॉफी तक सीमित नहीं रहेगा। विजेता टीम के खिलाड़ियों को पहली बार यादगार 'चैंपियनशिप रिंग (अंगूठी)' भी दी जाएगी। FIFA ने पहली बार वर्ल्ड कप चैंपियन टीम के सदस्यों को स्पेशल अंगूठियां देने का फैसला किया है।

 

उत्तर अमेरिकी खेलों में चैंपियन टीम को अंगूठियां देने की परंपरा 19वीं सदी के अंत से चली आ रही है लेकिन दुनिया के अन्य हिस्सों में यह प्रथा आम नहीं है।  इस बार फाइनल मुकाबला अमेरिका में खेला जा रहा है, इसलिए FIFA का यह कदम वहां की खेल परंपरा से प्रेरित माना जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: 18 कैरेट सोना... इटली में डिजाइन, ऐसा है FIFA वर्ल्ड कप ट्रॉफी का इतिहास

खास है अंगूठी की डिजाइन

विजेता टीम के खिलाड़ियों को हमेशा की तरह गोल्ड मेडल मिलेंगे, जबकि टीम के कप्तान और हेड कोच को फाइनल के तुरंत बाद प्रतीकात्मक अंगूठी पहनाई जाएगी। बाद में विजेता टीम के लिए विशेष रूप से तैयार की गई 30 अंगूठियां बनाई जाएंगी। अंगूठी के एक तरफ वर्ल्ड कप ट्रॉफी की आकृति होगी, जबकि दूसरी तरफ विजेता टीम की पहचान को दर्शाने वाला विशेष डिजाइन बनाया जाएगा। 

 

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप: कब होगी क्लोजिंग सेरेमनी, कौन करेगा परफॉर्म? पढ़ें पूरी डिटेल

ब्रिक्री के लिए उपलब्ध होगी चैंपियनशिप रिंग

कुल 2026 अंगूठियां तैयार की जाएंगी, जो साल 2026 का प्रतीक है। हर अंगूठी पर अलग क्रमांक होगा, उसे पहनने वाले के अनुसार तैयार किया जाएगा और उसके साथ प्रामाणिकता का प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। विजेता टीम को मिलने वाली 30 अंगूठियों के अलावा बची 1996 अंगूठियां आम लोगों के लिए बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी। FIFA ने हालांकि अभी तक इन अंगूठियों की कीमत का खुलासा नहीं किया है। 

 

चैंपियनशिप रिंग देने की परंपरा की शुरुआत 1893 से मानी जाती है, जब मॉन्ट्रियल हॉकी क्लब को डोमिनियन हॉकी चैलेंज कप जीतने पर विशेष अंगूठियां दी गई थीं। बाद में मेजर लीग बेसबॉल (MLB) ने 1920 के दशक में, NBA ने 1940 के दशक के अंत से और NFL ने सुपर बाउल युग की शुरुआत से अपनी विजेता टीमों को चैंपियनशिप रिंग देना शुरू किया।