श्रीलंका में पहली बार महिला-पुरुष मिक्स क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। 14 से 29 नवंबर तक सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में 80 ओवर के प्रारूप के तहत मिश्रित मैचों का आयोजन किया जाएगा। टूर्नामेंट का आयोजन 'टेस्ट ट्वेंटी' नाम से किया जा रहा है।
दुनियाभर से 13 से 21 वर्ष की उम्र के 160 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। सभी खिलाड़ी चार अलग-अलग महाद्वीपीय टीमों का हिस्सा बनेंगे। एक टीम में 40 खिलाड़ी होंगे। ऐसा पहली बार होगा जब हर टीम में लड़कियां और लड़के एक साथ खेलेंगे। दोनों के रनों से ही टीम का कुल स्कोर तय होगा।
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड दौरे के लिए टेस्ट और वनडे टीम का ऐलान, किन नामों ने चौंकाया?
एक दिन का होगा मैच, चार पारियों में मुकाबला
नियम के मुताबिक एक टीम में 20 महिला और 20 ही पुरुष खिलाड़ी होंगे। मैच में लाल और सफेद दोनों गेंदों का उपयोग किया जाएगा। हर टीम को दो पारियां खेलने को मिलेंगी। मुकाबला एक दिवसीय होगा।
आधा मैच दिन तो आधा रात में होगा
मैच के पहले 40 ओवर दिन के समय सफेद पोशाक में लाल गेंद से खेले जाएंगे। इसके बाद अंतिम 40 ओवर रंगीन पोशाक में सफेद गेंद से एसएससी की दुधिया रोशनी में खेले जाएंगे। आयोजकों की विज्ञप्ति के मुताबिक पहले पारी में बनाए गए रन दूसरे पारी में भी जुड़ते रहेंगे। इस प्रारूप की सबसे खास बात इसका 'पैरिटी रूल' यानी समानता का नियम है। इसके तहत लड़कियों और लड़कों के प्रदर्शन एक-दूसरे के जीत या हार तय करेंगे।
यह भी पढ़ें: रजनीकांत की Jailer 2 के आगे पिटीं बॉलीवुड की ये 4 फिल्में, बजट निकालना मुश्किल
सलाहकार बोर्ड में कई दिग्गज नाम
'टेस्ट ट्वेंटी' के संस्थापक और 'पैरिटी रूल' के लेखक गौरव बहिरवानी ने कहा कि समानता का सिद्धांत सिर्फ खेल के नियमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रसारण में भी लड़कियों और लड़कों को बराबर समय दिया जाएगा। टूर्नामेंट के सलाहकार बोर्ड में एबी डिविलियर्स, मैथ्यू हेडन और सर क्लाइव लॉयड जैसे दिग्गज क्रिकेटरों को शामिल किया गया है। दिल्ली के प्रसिद्ध क्रिकेट कोच राजकुमार शर्मा 'ग्लोबल सिलेक्शन कमेटी' की अध्यक्षता करेंगे, जबकि टूर्नामेंट के संचालन की जिम्मेदारी माइक फोर्डहम संभालेंगे।
