गौतम गंभीर के हेड कोच बने सालभर भी नहीं हुए थे कि टीम इंडिया के दो दिग्गजों रोहित शर्मा और विराट कोहली का टेस्ट करियर खत्म हो गया था। पिछले साल इंग्लैंड दौरे से पहले रोहित और कोहली ने क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट को अलविदा कहा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में मिली करारी हार के बाद रोहित-कोहली की जगह पर तलवार लटक रही थी। उन्होंने BCCI के कहने पर रणजी ट्रॉफी भी खेला लेकिन इंग्लैंड दौरे के लिए टीम चुने जाने से कुछ ही दिनों पहले संन्यास ले लिया। समझा गया कि उन्हें टेस्ट टीम से ड्रॉप किया जाने वाला था, जिसके बाद इन सीनियर खिलाड़ियों ने इस फॉर्मेट को छोड़ने का फैसला कर लिया।
इंग्लैंड दौरे के बाद रोहित से जब वनडे टीम की कप्तानी छीनी गई और कहा गया कि 2027 वर्ल्ड कप के लिए किसी की जगह तय नहीं है, तब फैंस को रोहित-कोहली का ODI करियर भी खत्म होता दिखा। इसके बाद हेड कोच गौतम गंभीर की जमकर ट्रोलिंग हुई थी। उन्हें सोशल मीडिया पर रोहित-कोहली के फैंस ने खूब ट्रोल किया था। फैंस का मानना था कि गंभीर इन दोनों बल्लेबाजों को जानबूझकर टीम से साइड कर रहे हैं। अब गंभीर ने इस ट्रोलिंग पर चुप्पी तोड़ी है। उनका कहना है कि उनसे गलतियां हुई होंगी लेकिन उन्होंने सही नीयत से फैसले लिए।
यह भी पढ़ें: चिन्नास्वामी में खेले जाएंगे RCB के मैच, सरकार ने KSCA को दी हरी झंडी
गंभीर ने क्या-क्या कहा है?
गौतम गंभीर ने सोमवार (16 मार्च) को रेवस्पोर्ट्ज कॉन्क्लेव में कहा, 'मैं इंसान हूं और मुझसे भी गलतियां हुई होंगी। इंसान होने के नाते मुझे इसकी इजाजत होनी चाहिए। खिलाड़ियों को भी गलतियां करने का हक है, पिछले 18 महीनों में मुझसे भी गलतियां हुई होंगी और मैं इससे पीछे नहीं हटता। मगर मैं हमेशा एक बात मानता हूं कि सही नीयत से लिया गया गलत फैसला भी स्वीकार किया जा सकता है लेकिन गलत नीयत से लिया गया फैसला ड्रेसिंग रूम में बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।'
यह भी पढ़ें: बटलर-गिल खराब फॉर्म से जूझ रहे, रदफोर्ड भी चले गए, कैसे जीतेगी गुजरात टाइटंस?
गंभीर ने आगे कहा, 'जब तक मैं अपने ड्रेसिंग रूम के सामने ईमानदारी से खड़ा होकर उनकी आंखों में देखकर बात कर सकता हूं, तब तक मुझे लगता है कि मैं अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभा रहा हूं।'
