इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। इस दौरान अहमदाबाद में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की सलाना बोर्ड मीटिंग भी होनी है। ICC की इस बड़ी मीटिंग से पहले सवाल बना हुआ था कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी भारत आएंगे या नहीं। भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तल्खी के चलते अहमदाबाद में मोहसिन नकवी की मौजूदगी को लेकर असमंजस की स्थिति थी, जिस पर बड़ा अपडेट आया है।

 

PCB चेयरमैन नकवी को IPL 2026 फाइनल के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है। नकवी ICC बोर्ड मीटिंग में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं होंगे। वह मीटिंग में वर्चुअली जुड़ेंगे। यह सुविधा उन सदस्य प्रतिनिधियों के लिए हमेशा से मौजूद रही है, जो ट्रैवल करने में असमर्थ होते हैं।

 

यह भी पढ़ें: फिन एलन ने ईडन गार्डंस में मचाई तबाही, 10 छक्के ठोक गेल के क्लब में ली एंट्री

दोहा में होने वाली थी मीटिंग

ICC की यह मीटिंग पिछले महीने दोहा में होने वाली थी लेकिन पश्चिम एशिया में चल रहे संकट की वजह से इसे टालना पड़ा था। घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि नकवी के मीटिंग में खुद शामिल होने की उम्मीद कभी नहीं थी और उनका वर्चुअल तरीके से शामिल होना ICC के सामान्य चलन के मुताबिक ही है। 

 

यह भी पढ़ें: मैच है KKR और गुजरात टाइटंस के बीच, CSK की सांसें क्यों अटकी हुई हैं?

 

नकवी उन तीन सदस्यों में से एक हैं, जो इस मीटिंग में वर्चुअल तरीके से शामिल होंगे। यह कांफ्रेंस इसलिए भी अहम है, क्योंकि यह अहमदाबाद में IPL फाइनल के साथ ही होगी, जिसमें अलग-अलग क्रिकेट बोर्ड के शीर्ष प्रशासकों के मौजूद रहने की उम्मीद है।