logo

मूड

ट्रेंडिंग:

फिन एलन ने ईडन गार्डंस में मचाई तबाही, 10 छक्के ठोक गेल के क्लब में ली एंट्री

KKR के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने 16 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंद में 93 रन की धुआंधार पारी खेली। इस दौरान एलन के बल्ले से 10 छक्के निकले।

Finn Allen KKR vs Gujarat Titans IPL 2026

गुजरात टाइटंस के खिलाफ शॉट खेलते फिन एलन, Photo Credit: IPL/X

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 60वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने गदर काट दिया। एलन ने गुजरात टाइटंस (GT) के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए 35 गेंद में महज 93 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 10 छक्के लगाए। एलन इस सीजन की अपनी दूसरी सेंचुरी की तरफ तेजी से बढ़ रहे थे लेकिन साई किशोर उनकी राह में रोड़ा बन गए। इस लेफ्ट आर्म स्पिनर ने एलन को राशिद खान के हाथों लपकवाया।

एलन ने बनाया रिकॉर्ड

दाएं हाथ के बल्लेबाज एलन ने 8 मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 143 रन के चेज में नाबाद शतक (100) जड़ा था। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 10 छक्के उड़ाए थे। GT के सामने भी 10 छक्के जमाकर उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। एलन KKR के लिए दो बार पारी में 10 प्लस छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। ब्रैंडन मैकुलम (13 छक्के) और आंद्रे रसेल (11 छक्के) ने KKR के लिए एक-एक बार यह कारनामा किया है।

 

एलन ने साथ ही क्रिस गेल के स्पेशल क्लब में एंट्री ले ली है। वह IPL में एक से ज्यादा बार पारी में 10 प्लस छक्के लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। क्रिस गेल ने 4 बार यह कारनामा किया है। वहीं अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी दो बार पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगा चुके हैं।

IPL में सबसे ज्यादा बार पारी में 10 प्लस छक्के

  • क्रिस गेल - 4 बार
  • अभिषेक शर्मा - 2 बार
  • वैभव सूर्यवंशी - 2 बार
  • फिन एलन - 2 बार

यह भी पढ़ें: मैच है KKR और गुजरात टाइटंस के बीच, CSK की सांसें क्यों अटकी हुई हैं?

एलन ने जीवनदान का उठाया फायदा

GT ने KKR को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ क्रीज पर एलन ने पहली कुछ गेंदों को आराम से खेलने के बाद तीसरे ओवर में गियर बदलना चाहा। उन्होंने मोहम्मद सिराज के खिलाफ लगातार दो चौके जड़े। इसके बाद उन्होंने आखिरी गेंद पर भी बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, जिस पर वह बाल-बाल बच गए। जेसन होल्डर कवर पर उनका मुश्किल कैच छोड़ बैठे। एलन ने अगले ओवर में रबाडा के खिलाफ बैक टू बैक दो छक्के लगाए। वह पावरप्ले की समाप्ति तक 15 गेंद में 31 रन बना चुके थे।

 

यह भी पढ़ें: टेस्ट क्रिकेट से रिटायर क्यों हुए विराट कोहली? जवाब तो गोलमोल है

पावरप्ले समाप्त होने के बाद उन्हें एक और जीवनदान मिला। इस बार सिराज ने होल्डर की गेंद पर आसान कैच टपका दिया। एलन ने इस जीवनदान का फायदा उठाकर राशिद खान के खिलाफ लगातार दो छक्के और फिर चौका लगाकर 21 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। एलन ने इसके बाद GT की बॉलिंग से खिलवाड़ किया और आउट होने से पहले KKR को 11.2 ओवर में 139 रन तक पहुंचा दिया। उनके जाने के बाद अंगकृष रघुवंशी (44 गेंद में नाबाद 82 रन) ने कैमरन ग्रीन (28 गेंद में नाबाद 52 रन) के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की, जिससे KKR ने 2 विकेट के नुकसान पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।


और पढ़ें