टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड दौरे का विजयी आगाज किया है। क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल में गुरुवार (22 अक्टूबर) को खेले गए पहले टी20 मैच में भारतीय टीम ने 226 रन के टारगेट को 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टी20 क्रिकेट में टीम इंडिया का यह सबसे सफल रन चेज है। इससे पहले टीम का सबसे सफल रन चेज 209 रन था, जो उसने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और इस साल न्यूजीलैंड के खिलाफ किया था।

 

संजू सैमसन और अभिषेक ने रन चेज में टीम इंडिया को जबरदस्त शुरुआत दिलाई थी। दोनों ने 5.5 ओवर में 93 रन की ओपनिंग साझेदारी की। अभिषेक 12 गेंद में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। वह एक बार फिर ऑफ स्पिनर का शिकार बने। इसके बाद नंबर-3 पर तिलक वर्मा को भेजा गया। हालांकि यह दांव नहीं चला और वह 10 गेंद खेलकर सिर्फ 6 रन ही बना सके। इस बीच संजू भी आउट हो गए। उन्होंने 33 गेंद में 67 रन ठोके, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।

 

टीम इंडिया की पारी पटरी से उतरती दिख रही थी, तभी नंबर-5 उतरे ईशान किशन भी आउट हो गए। 10.3 ओवर के बाद स्कोर 122/4 हो गया था। अब टारगेट बेहद मुश्किल लग रहा था लेकिन श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल के बाद नमन धीर ने मोर्चा संभाला और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर 28 गेंद में 42 रन बनाए। अक्षर ने 14 गेंद में 24 रन ठोके। नमन धीर ने 15 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 42 रन जड़े।

 

यह भी पढ़ें: एशियन पारा गेम्स: शीतल देवी ने कुछ ही घंटों के अंतराल में जीते 2-2 गोल्ड

फीकी रही भुवनेश्वर की वापसी

इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने भी अच्छी शुरुआत की। टिम साइफर्ट (17 गेंद में 24 रन) और फिन एलन (24 गेंद में 45 रन) ने 5 ओवर में 49 रन जोड़े। मयंक यादव ने साइफर्ट को चलता कर भारत को पहली सफलता दिलाई। एलन का बड़ा विकेट अक्षर ने झटका। डैरिल मिचेल (19 गेंद में 28 रन) को अर्शदीप सिंह ने पवेलियन भेजा। 

 

यह भी पढ़ें: क्या है कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप, भारत के अलावा और कौन-कौन से देश खेलेंगे?

 

12.1 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 122/3 था। यहां से ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंद में नाबाद 82 रन की पारी खेल कीवी टीम को 225 रन तक पहुंचाया लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ। टीम इंडिया में 4 साल बाद वापसी कर रहे भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 49 रन लुटाए। उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला। अक्षर पटेल ने 51, अर्शदीप सिंह ने 49 और मयंक यादव ने 40 रन खर्चते हुए 1-1 विकेट लिए। नीतीश कुमार रेड्डी ने 4 ओवर में 40 रन दिए। वह भी खाली हाथ ही रहे।