भारतीय टीम ने पहले टी20 मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। गुरुवार (22 अक्टूबर) को क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में टीम इंडिया को 226 रन का विशाल टारगेट मिला था। लक्ष्य का पीछा करते हुए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई थी लेकिन उनके आउट होते ही पारी डगमगा गई। 10.3 ओवर के बाद स्कोर 122/4 हो चुका था।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने यहां से अक्षर पटेल के साथ मिलकर पारी को संभाला। अक्षर 167 के कुल स्कोर पर आउट हुए। इस समय भारत को 33 गेंद में 59 रन की जरूरत थी। श्रेयस को नमन धीर का साथ मिला और दोनों ने टीम को 200 के पार पहुंचाया। युवा ऑलराउंडर नमन धीर ने लगातार बड़े शॉट खेले, जिससे श्रेयस पर दबाव नहीं आया। श्रेयस जब 19वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए, तब भारत को 11 गेंद में 16 रन चाहिए थे।
नमन ने यहां से गजब का संयम दिखाया और 2 गेंद पहले ही टीम इंडिया को जीत दिला दी। टी20 क्रिकेट में भारत का यह सबसे सफल रन चेज रहा। नमन ने 15 गेंद में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 42 रन ठोके। उन्होंने इसी महीने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी और छठे ही मैच में मैच विनिंग पारी खेल टीम मैनेजमेंट के भरोसे को सही साबित किया।
यह भी पढ़ें: भारत ने न्यूजीलैंड जाते ही बनाया रिकॉर्ड, पहले टी20 में चेज किया 226 का टारगेट
टीम इंडिया के तुरुप का इक्का बन गए हैं नमन धीर
26 साल के नमन धीर टी20 में डेथ ओवर्स के दौरान 204.19 के स्ट्राइक रेट से 341 रन बना चुके हैं। वह लोअर मिडिल ऑर्डर में विस्फोटक बल्लेबाजी करने के साथ ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में बॉलिंग करने का मौका नहीं मिला लेकिन वह वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में साबित कर चुके हैं कि उन्हें पार्ट-टाइमर नहीं माना जाना चाहिए। उन्हें मिडिल ओवर्स में बाएं हाथ के बल्लेबाजों के सामने ट्रंप कार्ड के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: एशियन पारा गेम्स: शीतल देवी ने कुछ ही घंटों के अंतराल में जीते 2-2 गोल्ड
नमन में गेंद से भी मैच का रुख बदलने की क्षमता - श्रेयस
श्रेयस ने भी माना कि उनकी गेंदबाजी मैच का रुख बदल सकते हैं। उन्होंने कहा, 'वह हमें कई विकल्प देते हैं। खासकर बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ उनकी ऑफ स्पिन उपयोगी साबित हो सकती है। उनके दो-तीन महत्वपूर्ण ओवर मैच का रुख बदल सकते हैं।' भारतीय कप्तान ने आगे कहा, 'मुझे पर्सनली उनका शांत और संयमित स्वभाव बेहद पसंद आया। जिस तरह उन्होंने आज बल्लेबाजी की, वह देखना शानदार था।'
