भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच 3 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार (23 अक्टूबर) को खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 9 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया था। श्री चरणी की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने धारदार गेंदबाजी करते हुए उसे 197 रन पर ही ऑलआउट कर दिया। चरणी ने 10 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट लिए। क्रांति गौड़ ने 3 विकेट चटकाए।

 

इसके बाद छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने 94 रन की ओपनिंग साझेदारी की। स्मृति 32 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद प्रतिका और शेफाली वर्मा ने टीम इंडिया को कोई और झटका नहीं लगने दिया और उसे आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया। प्रतिका ने 96 गेंद में 15 चौकों की मदद से नाबाद 100 रन की नाबाद पारी खेली। यह उनके वनडे इंटरनेशनल करियर का तीसरा शतक रहा।

 

शेफाली ने 33 गेंद में नाबाद 64 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी से भारत ने 198 रन का टारगेट 27.1 ओवर में बेहद आसानी से हासिल कर लिया। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: दूसरे टी20 के लिए कुमार कुशाग्र की टीम इंडिया में एंट्री, ईशान किशन बाहर

यह भी पढ़ें: एशियन पैरा गेम्स: 2023 में आया था सिर्फ ब्रॉन्ज, इस बार तैराकों ने झटके 11 मेडल

ऐसी रही जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी

जिम्बाब्वे ने 3 रन पर पहला विकेट गंवाने के बाद पावरप्ले को अच्छा से निकाला लेकिन 11वें ओवर की पहली ही गेंद पर चिपो मुगेरी-तिरिपानो (44 गेंद में 25 रन) आउट हो गईं। इस तरह 46 के स्कोर पर जिम्बाब्वे को दूसरा झटका लगा। इसके बाद उसने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। बिलव्ड बिजा (92 गेंद में 62 रन) ने एक छोर से मोर्चा संभाले रखा था लेकिन उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला, जिससे जिम्बाब्वे की टीम 200 रन का आंकड़ा भी नहीं पार कर सकी। मिचेल मावुंगा ने आठवें नंबर पर आकर 23 गेंद में 29 रन बनाए लेकिन टीम इंडिया को चैलेंज करने के लिए उनका यह प्रयास नाकाफी था।