IPL 2026 का 17वां मैच पंजाब किंग्स (PBKS) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला गया। ये मुकाबला 11 अप्रैल को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुआ। इस मैच में PBKS के ओपनर प्रियांश आर्य ने जबरदस्त पारी खेली। अपनी तूफानी बल्लेबाजी से उन्होंने SRH के गेंदबाजों की हालत खराब कर दी। प्रियांश ने सिर्फ 16 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इस शानदार पारी के साथ ही प्रियांश आर्य ने एक खास रिकॉर्ड में निकोलस पूरन को भी पीछे छोड़ दिया।

 

न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस मैच में 220 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रियांश ने पहले ओवर में ही 18 रन बटोर लिए। यह ओवर Harsh Dubey कर रहे थे। आर्य ने पहली गेंद पर चौका लगाया, दूसरी पर 2 रन लिए, तीसरी गेंद पर LBW अपील से बचे और फिर चौथी गेंद पर दो रन जोड़े। इसके बाद उन्होंने पांचवीं गेंद पर छक्का और आखिरी गेंद पर चौका जड़कर ओवर को धमाकेदार तरीके से खत्म किया।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026: PBKS ने जीता लगातार तीसरा मैच, SRH को 6 विकेट से हराया

 

प्रियांश आर्य के 18 रनों वाले ओवर ने उन्हें रिकॉर्ड बुक्स में जगह दिला दी है। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ा। जिन्होंने IPL 2014 के दौरान पंजाब किंग्स के लिए पहले ओवर में 16 रन बनाए थे। गौरतलब है कि प्रियांश ने IPL 2025 के दौरान भी पहले ओवर में 16 रन बनाए थे। हालांकि, इस बार उन्होंने उस आंकड़े को पार करते हुए एक नया रिकॉर्ड बनाया है।

प्रियांश ने निकोलस पूरन को छोड़ा पीछे

अपनी पारी को और भी खास बनाते हुए प्रियांश आर्य ने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया जो पंजाब किंग्स के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। यह रिकॉर्ड पहले निकोलस पूरन के नाम था।

PBKS के लिए सबसे तेज 50 (गेंदों का सामना करके)

  • 14 - केएल राहुल बनाम DC, मोहाली, 2018
  • 16 - प्रियांश आर्य बनाम SRH, मुल्लांपुर, 2026
  • 17 - निकोलस पूरन बनाम SRH, दुबई, 2020
  • 18 - प्रभसिमरन सिंह बनाम KKR, कोलकाता, 2024

यह भी पढ़ें: 'IPL असली क्रिकेट से ज्यादा मूवी है...', PSL क्रिकेटर के बयान पर बवाल

 

वहीं IPL के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है, जिन्होंने 2023 में महज 13 गेंदों में ही 50 रन ठोक दिए थे।

 

इस पारी में प्रियांश आर्य 20 गेंदों पर 285 के स्ट्राइक रेट से 57 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्हें शिवांग कुमार की गेंद पर नीतीश कुमार रेड्डी ने कैच किया।