IPL 2026 का 17वां मैच बेहद रोमांचक साबित हुआ। यह मैच 11 अप्रैल को पंजाब किंग्स (PBKS) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में SRH ने 215 से ज्यादा रन बनाए। पंजाब ने इस लक्ष्य का पीछा आखिरी के दूसरे ओवर तक किया और 6 विकेट से मैच जीत लिया।

 

इस जीत के साथ, PBKS ने अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। इसके विपरीत, यह SRH की लगातार दूसरी हार है। पंजाब पॉइंट्स टेबल पर दूसरे नंबर पर है, जिसने चार मैचों में से तीन में जीत हासिल की है। दूसरी ओर, हैदराबाद पॉइंट्स टेबल पर छठे स्थान पर है, जिसने चार मैचों में से केवल एक में जीत हासिल की है।

 

यह भी पढ़ें: 16 गेंदों में प्रियांश आर्य ने जड़ी फिफ्टी, इस रिकॉर्ड में निकोलस पूरन को पछाड़ा

SRH की पारी

टॉस हारने के बाद SRH को पहले बैटिंग करने के लिए भेजा गया लेकिन ये फैसला पूरी तरह हैदराबाद के फेवर में चला गया। टीम ने शुरुआत से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और पावरप्ले यानी पहले 6 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 105 रन ठोक दिए। इसके बाद मिडिल ओवर्स में कुछ विकेट जरूर गिरे लेकिन रन बनाने की रफ्तार कम नहीं हुई। 7 से 15 ओवर के बीच टीम ने 3 विकेट खोकर 71 रन जोड़ लिए। डेथ ओवर्स में टीम का प्रदर्शन थोड़ा मिला-जुला रहा। 16 से 20 ओवर के बीच हैदराबाद ने 3 विकेट गंवाकर 43 रन बनाए। आखिर में 20 ओवर के बाद SRH ने 6 विकेट खोकर 219 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।

SRH की तरफ से सबसे बढ़िया बैटिंग अभीशेक शर्मा ने की, उन्होंने 74 रन ठोक दिए। उनके बाद हेनरिक क्लासेन ने 39 रन बनाए और ट्रेविस हेड ने 38 रन जोड़े। वहीं पंजाब किंग्स की गेंदबाजी की बात करें तो अर्शदीप सिंह और शशांक सिंह ने 2-2 विकेट झटके। जेवियर बार्टलेट को 1 विकेट मिला। SRH के अनिकेत वर्मा रनआउट होकर पवेलियन लौटे।

 

यह भी पढ़ें: आकिब नबी ने किया IPL डेब्यू, 2 बदलाव के साथ उतरीं CSK और DC, देखें प्लेइंग XI

PBKS की पारी

पंजाब किंग्स जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो शुरुआत से ही टीम ने धमाल मचा दिया। पावरप्ले यानी पहले 6 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 93 रन ठोक दिए। इसके बाद मिडिल ओवरों में भी बल्लेबाजों का जलवा जारी रहा। 7 से 15 ओवर के बीच टीम ने 3 विकेट जरूर खोए लेकिन फिर भी 86 रन जोड़ दिए। अंत में डेथ ओवरों में भी टीम रुकी नहीं, सिर्फ एक विकेट गिरा और 44 रन और बना दिए। यही वजह रही कि पंजाब किंग्स ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 223 रन बना लिए और 7 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।

PBKS की तरफ से कप्तान श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा नाबाद 69 रन ठोके। वहीं प्रियांश आर्य ने सिर्फ 20 गेंदों में ताबड़तोड़ 57 रन जड़ दिए। इसके अलावा प्रभसिमरन सिंह ने भी 51 रन की बढ़िया पारी खेली। वहीं SRH की बात करें तो शिवांग कुमार ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि हर्ष दुबे को 1 विकेट मिला।