इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में प्लेऑफ की रेस रोचक हो गई है। लीग स्टेज के 8 ही मैच बचे हुए हैं लेकिन फिलहाल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ही इकलौती टीम है, जिसने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया है। RCB ने रविवार (17 मई) को धर्मशाला में खेले गए दोपहर के मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) को शिकस्त देकर टॉप-4 में अपनी जगह पक्की की। RCB 13 मैचों में 9 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 पर है। 

 

रविवार को दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को हरा दिया। RR ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 8 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए थे, जिसे DC ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली टीम ने इस जीत से प्लेऑफ में अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं। साथ ही उसने PBKS और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के चांसेज भी बढ़ा दिए हैं।

 

यह भी पढ़ें: KL राहुल ने तोड़ा डिविलियर्स का रिकॉर्ड, RR के खिलाफ ठोकी 9वीं IPL फिफ्टी

DC की जीत से PBSK-CSK का फायदा कैसे?

DC के खिलाफ अगर RR की टीम जीत जाती तो PBKS और CSK की मुश्किलें और बढ़ सकती थीं। ऐसा इसलिए, क्योंकि RR के पास 18 पॉइंट्स तक जाने का मौका रहता। वहीं PBKS और CSK क्रमश: 15 और 16 पॉइंट्स तक ही पहुंच सकती हैं। DC के हाथों हार के बाद अब रियान पराग की कप्तानी वाली टीम 16 पॉइंट्स तक ही जा पाएगी। CSK के पास भी इतने ही पॉइंट्स तक जाने का मौका है। दोनों टीमों का नेट रन रेट भी एक समान है। ऐसे में RR और CSK अपने आखिरी दो मैचों में कैसा परफॉर्म करेगी, इससे तय होगा कि वे कहां फिनिश करेंगी।

 

यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत से छिनेगी टेस्ट की उप-कप्तानी, लीडरशिप रोल से पड़ रहा बल्लेबाजी पर असर

DC की जीत से लगातार 6 मैच हार चुकी PBKS की राह कुछ आसान हुई है। यदि RR अपने बचे हुए दो मैचों में से एक हार जाती है और CSK भी 1 से ज्यादा मैच नहीं जीतती है, तो PBKS अपने आखिरी मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर प्लेऑफ में पहुंच सकती है।