टीम इंडिया अगले महीने घरेलू सरजमीं पर अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच और 3 वनडे मुकाबलों की सीरीज खेलेगी। इन मैचों के लिए टीम इंडिया का सेलेक्शन मंगलवार (19 मई) को हो सकता है। गुवाहाटी में सेलेक्टर्स की मीटिंग होने वाली है। भारतीय टीम में किसी नए चेहरे के आने की उम्मीद नहीं है लेकिन ऋषभ पंत से टेस्ट की उप-कप्तानी छीनने पर गंभीरता से विचार किया जा सकता है। माना जा रहा है कि लीडरशिप रोल पंत की बल्लेबाजी पर असर डाल रहा है।
पंत ने पिछले साल शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट में टीम इंडिया की कमान संभाली थी। इस मुकाबले में भारतीय टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा था। पंत बल्ले के साथ-साथ कप्तानी के मोर्चे पर भी फेल रहे थे।
यह भी पढ़ें: मिचेल स्टार्क जैसा कोई नहीं... 4 गेंद के अंदर 3 विकेट लेकर तोड़ी RR की कमर
पंत की बल्लेबाजी हो रही है प्रभावित
IPL में पंत लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी करते हैं। पिछले दो सीजन में वह पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुए हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया, 'भारतीय क्रिकेट ऋषभ जैसे बल्ले से मैच विजेता को खोने का जोखिम नहीं उठा सकता। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टेस्ट मैच जिताए हैं। सेलेक्टर्स का मानना है कि जब भी उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई, तो उन्होंने बल्लेबाजी करते समय अच्छे फैसले नहीं लिए।'
सूत्र ने आगे कहा, 'उसे खुलकर खेलने का मौका देना सेलेक्शन कमिटी के दिमाग में सबसे ऊपर हो सकता है।' पंत को से अगर उप-कप्तानी ली जाती है तो जसप्रीत बुमराह या केएल राहुल को शुभमन गिल का डिप्टी बनाया जा सकाता है।
यह भी पढ़ें: धमाकेदार जीत के साथ प्लेऑफ में पहुंची RCB, धर्मशाला में फिर हार गई पंजाब किंग्स
वनडे से बाहर रहेंगे पंत?
बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज पंत की हालिया फॉर्म बेहद खराब है। वनडे टीम में केएल राहुल के बाद दूसरे विकेटकीपर के तौर पर उनकी जगह को लेकर सवालिया निशान बना हुआ है ध्रुव जुरेल, संजू सैमसन और ईशान किशन की शानदार फॉर्म को देखते हुए पंत को वनडे टीम से बाहर ही रखने पर विचार किया जा सकता है।