इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 58वां मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला गया। गुरुवार (14 मई) को धर्मशाला में हुए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में MI ने 6 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए PBKS ने 8 विकेट के नुकसान पर 200 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे MI 19.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। तिलक वर्मा ने 33 गेंद में नाबाद 75 रन की मैच विजयी पारी खेली।

 

प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी MI की यह चौथी जीत रही। दूसरी तरफ PBKS को लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा है। 6 जीत के साथ सीजन का धमाकेदार आगाज करने वाली श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम अब करो या मरो की स्थिति में पहुंच गई है।

 

यह भी पढ़ें: PBKS ने IPL में बनाया ऐसा रिकॉर्ड, जहां तक पहुंचने में हांफ जाएगी RCB-CSK!

तिलक वर्मा-विल जैक्स ने पलटी बाजी

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी MI को रायन रिकलटन ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। रिकलटन की आतिशी बल्लेबाजी की बदलौत MI ने पावरप्ले में 59 रन बनाए। इनमें से रिकलटन ने 47 रन बटोरे। इसके लिए उन्होंने 21 गेंद ली। वहीं रोहित शर्मा 15 गेंद खेलकर 12 रन ही बना सके थे। पावरप्ले की समाप्ति के तुरंत बाद रिकलटन (23 गेंद में 48 रन) आउट हो गए। उन्हें अजमतुल्लाह ओमरजई ने चलता किया। मार्को यानसन ने नमन धीर (9) का विकेट झटका। अगले ओवर में युजवेंद्र चहल ने रोहित (25 गेंद में 25 रन) का संघर्ष समाप्त किया।

 

MI का स्कोर 88/3 हो चुका था। यहां से तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और लगातार बड़े शॉट खेलकर MI को मुकाबले में बरकरार रखा। हालांकि दूसरे छोर से शरफेन रदफोर्ड (21 गेंद में 20 रन) ने धीमी बल्लेबाजी की। MI को आखिरी 21 गेंद में 52 रन की जरूरत थी। तिलक को विल जैक्स का अच्छा साथ मिला और उन्होंने 20 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी कर MI को जीत दिला दी। तिलक ने अपनी पारी में 6 चौके और 6 छक्के उड़ाए। वहीं विल जैक्स ने 10 गेंद में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 25 रन ठोके।

 

यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस में चल रही है गुटबाजी? पंड्या के बाद अब सूर्या भी नहीं खेल रहे

ओमरजई की मेहनत पर फिरा पानी

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर प्रभसिमरन सिंह (32 गेंद में 57 रन) ने 11 ओवर में ही PBKS को 100 रन तक पहुंचा दिया था लेकिन उनके आउट होते ही पारी बिखर गई। 16.2 ओवर में PBKS का स्कोर ने 140/7 हो चुका था। उसका चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचना मुश्किल लग रहा था लेकिन आखिरी ओवरों में अजमतुल्लाह ओमरजई (17 गेंद में 38 रन), जेवियर बार्टलेट (7 गेंद में नाबाद 18 रन) और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे विष्णु विनोद (8 गेंद में नाबाद 15 रन) की आतिशी बल्लेबाजी से उसने 200 रन का आंकड़ा छू लिया। इसके बाद ओमरजई ने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए 2 विकेट झटके। मगर उनकी मेहनत बेकार चली गई।