इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 65वें मुकाबले में आज (20 मई) कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और मुंबई इंडियंस (MI) आमने-सामने है। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेला जाएगा। KKR के लिए यह बेहद अहम मैच है। उसे अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए हर हाल में जीत की जरूरत है। अगर KKR आज हार जाती है तो वह IPL 2026 से बाहर हो जाएगी। वहीं जीत हासिल करने पर उसकी सांसें चलती रहेंगी।
MI के लिए यह सीजन समाप्त हो चुका है और वह सम्मान के लिए खेल रही है। MI की टीम KKR का खेल खराब करना चाहेगी। इस मुकाबले में MI की कमान हार्दिक पंड्या संभाल सकते हैं, जो पूरी तरह से फिट हो चुके हैं। KKR के सामने सूर्यकुमार यादव के भी खेलने की संभावना है। उन्होंने निजी कारणों से पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछला मैच मिस कर दिया था।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान की हार से टीम इंडिया को लगा झटका, WTC रैंकिंग में बड़ा उलटफेर
फॉर्म में आ गए हैं KKR के बल्लेबाज
KKR का सीजन का आगाज बेहद खराब रहा था। उसे पहले 6 मैचों में एक भी जीत नहीं मिली थी। इसके बाद KKR ने बेहतरीन वापसी की और अगले 6 मैचों में 5 जीत हासिल कर लिए। फिन एलेन, अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह फॉर्म में लौट आए हैं। साथ ही कैमरन ग्रीन का बल्ला भी गरजने लगा है। ग्रीन पहली 5 पारियों में महज 56 रन ही बना सके थे। उन्होंने समय पर फॉर्म में वापसी की और अगली 7 पारियों में 152.05 के स्ट्राइक रेट से 260 रन जड़ दिए हैं। KKR की टीम उम्मीद करेगी की इस करो या मरो वाले मुकाबले में उसके बल्लेबाज एक बार फिर अपना जौहर दिखाएं।
KKR vs MI पिच रिपोर्ट
KKR बनाम MI मुकाबला ईडन गार्डंस की पिच नंबर-4 पर खेला जाएगा। इस पिच पर मौजूदा सीजन में एक ही मैच खेला गया है। वह भी दोपहर में, जिसमें KKR ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 156 रन के टारगेट को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया था। इस मैच में भी बड़ा स्कोर बनने की संभावना नहीं है। आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। इस सीजन ईडन गार्डंस में अब तक 4 कम्पलीट मैच हुए हैं, जिसमें 2 बार पहले बैटिंग करने वाली टीम और 2 बार चेजिंग टीम जीती है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ को 7 विकेट से हराया राजस्थान, प्लेऑफ क्वालीफाई करने से 1 जीत दूर
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XII:
कोलकाता नाइट राइडर्स - अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजरबानी
मुंबई इंडियंस - रायन रिकलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, रघु शर्मा, एएम गजनफर
