कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पंजाब किंग्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स का मैच बारिश के कारण रद्द हो गया है। मैच सिर्फ 3.4 ओवर तक ही चल पाया। तभी तेज बारिश ने दस्तक दे दी। देर रात जब बारिश थमी तो मैदान अधिक गीला होने के कारण मैच को रद्द करना पड़ा।


यह इस आईपीएल सीजन का 12वां मैच था। कोलकाता के कप्तान अंजिक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया था। 3.4 ओवर में कोलकाता ने दो विकेट के नुकसान पर 25 रन बना डाले थे। इसके बाद तेज बारिश होने के कारण मैच रोकना पड़ा। 

 

यह भी पढ़ें: 'वर्ल्ड कप जिताया, यहां क्यों हरा रहे...', संजू सैमसन से खफा CSK फैन

 

पांच ओवर के मैच का कट-ऑफ टाइम रात 11:14 बजे तक निर्धारित किया गया था। हालांकि उससे पहले बारिश थम गई। मगर मैदान में ज्यादा पानी होने के कारण मैच को रद्द करना पड़ा। दोनों ही टीमों को एक-एक अंक मिले हैं।

 

आईपीएल के इस सीजन में पंजाब किंग्स ने 3 मैच खेले हैं। इनमें से दो में जीत हासिल की और एक मैच यानी आज का मुकाबला बेनतीजा रहा। 5 अंक के साथ प्वॉइंट टेबल पर टॉप पर है। 

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 RCB vs CSK: चेन्नई की लगातार तीसरी हार, बेंगलुरु ने 43 रन से रौंदा

 

अगर कोलकाता नाइट राइडर्स की बात करें तो उसने भी तीन मैच खेले हैं। हालांकि उसे दो मैचों में हार मिली। आज का मैच रद्द होने के कारण उसे अभी तक सिर्फ एक अंक ही मिला है।

खराब रही कोलकाता की शुरुआत

कोलकाता को पहला झटका 12 रन के स्कोर पर लगा था। 7 गेंदों पर छह रन बनाकर फिन एलन को पवेलियन लौटना पड़ा। पंजाब किंग्स के गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने उन्हें अपना शिकार बनाया। दो गेंद बाद ही बार्टलेट ने कैमरन ग्रीन को भी चलता कर दिया। उस वक्त कोलकाता का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 1.6 ओवर में 16 रन था।

 

ग्रीन ने दो गेंदों का सामना किया था और सिर्फ 4 रन ही बना सके थे। नाबाद कप्तान रहाणे 6 गेंदों में 8 और अंगकृष रघुवंशी 7 गेंदों पर सात रन बनाकर क्रीज पर डटे थे। तभी बारिश ने दस्तक दे दी। पंजाब की तरफ से अर्शदीप ने दो ओवर में 16 रन दिए। वहीं जेवियर बार्टलेट अपने दूसरे ओवर की चौथी गेंद ही फेंक पाए थे।