तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह सोशल मीडिया पर काफी ऐक्टिव रहते हैं। उन्हें दूसरे प्लेयर्स का मजाक उड़ाते हुए वीडियो पोस्ट करना काफी पसंद है। कभी-कभी अर्शदीप का मजाकिया अंदाज उन्हें भारी भी पड़ जाता है। तिलक वर्मा को 'अंधेरा' कहना हो या इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपने टीममेट प्रियांश आर्य को ट्रोल करना, उन्हें विवादों में ले आया। तिलक के मामले में उन पर कोई कार्रवाई तो नहीं हुई लेकिन उन्हें काफी लानत-मलामत मिली।
IPL 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) को जो ऑनलाइन नफरत का सामना करना पड़ा है, उसमें अर्शदीप का बड़ा रोल माना जा रहा है। इन सबके इतर अर्शदीप का मैदान पर प्रदर्शन काफी फीका रहा है, जिसके चलते वह लोगों के निशाने पर हैं। अर्शदीप मौजूदा सीजन में PBKS के सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज हैं लेकिन उनकी इकॉनमी बेहद खराब रही है। इस लेफ्ट आर्म पेसर ने प्रति ओवर 10 से ज्यादा रन खर्चे हैं। शनिवार (23 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ PBKS के 'करो या मरो' वाले मुकाबले में अर्शदीप ने 3 ओवर में 52 रन लुटा दिए। उनकी इकॉनमी 17.33 की रही। अर्शदीप कोई विकेट भी नहीं निकाल पाए।
यह भी पढ़ें: राजस्थान रॉयल्स का प्लेऑफ दांव पर, आखिरी मैच से पहले चहल को टीम में किया शामिल
अर्शदीप को पहले ओवर से ही पड़ी मार
प्लेऑफ की रेस में सांसें गिन रही PBKS ने LSG के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहला ओवर लेकर आए अर्शदीप का स्वागत जोश इंग्लिस ने चौके के साथ किया। दो गेंद डॉट खेलने के बाद इंग्लिस ने लगातार तीन चौकों के साथ इस ओवर की समाप्ति की। PBKS के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इसके बाद अर्शदीप को लंबे समय तक अटैक से हटाए रखा। उन्हें सीधे 12वें ओवर में गेंद थमाई।
इंग्लिस ने इस ओवर में भी अर्शदीप को राडार पर लिया और दो चौके और एक छक्का जड़ कुल 19 रन बटोर लिए। अर्शदीप 2 ओवर में 35 रन लुटा चुके थे। श्रेयस ने इसके बाद उन्हें आखिरी ओवर में अटैक बुलाया। अर्शदीप ने वाइड के साथ शुरुआत की लेकिन उन्होंने तीन अच्छी गेंदें डाली। हालांकि आखिरी 3 गेंदों पर वह 18 रन खा बैठे। अब्दुल समद ने उन्हें छक्का लगाने के बाद दो चौके जड़े। अर्शदीप ने आखिरी लीगल गेंद डालने के लिए दो वाइड फेंकी और उनका दिन बद से बदतर होता चला गया। उन्होंने IPL में सातवीं बार 50 से ज्यादा रन खर्चे। वह पहले से ही PBKS के लिए सबसे ज्यादा 50 प्लस रन लुटाने वाले गेंदबाज हैं और अब उनका रिकॉर्ड और शर्मनाक हो गया है।
यह भी पढ़ें: सूर्या पर गिरने वाली है गाज, अजीत अगरकर नहीं गंभीर सुनाएंगे आखिरी फैसला
सबसे ज्यादा बार 50 प्लस रन खर्चने वाले PBKS के बॉलर
- अर्शदीप सिंह - 7 बार
- सैम करन - 4 बार
- कैगिसो रबाडा - 3 बार
- मोहम्मद शमी - 3 बार
- जेवियर बार्टलेट - 3 बार
