टीम इंडिया से बाहर चल रहे सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी घरेलू क्रिकेट लगातार खुद को साबित कर रहे हैं। शमी ने सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 5 विकेट लेकर ईस्ट जोन को 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी फाइनल में अहम भूमिका निभाई थी। अब वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में अपना 100वां फर्स्ट क्लास मैच खेलने उतरेंगे। साउथ जोन के खिलाफ होने वाले फाइनल मैच से पहले ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने शमी की जमकर तारीफ की है और कहा है कि उनके अंदर अब भी भारतीय टीम की तरफ से खेलने की ललक है।

शमी के सपोर्ट में बोले ईशान

36 साल के शमी को लेकर ईशान ने कहा कि उनके अंदर अभी भी पहले की तरह जोश बरकरार है। ईशान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मुझे लगता है कि वह बेस्ट खिलाड़ियों में से एक हैं। वह इस खेल के दिग्गज हैं। जब से उन्होंने बंगाल के लिए खेलना शुरू किया है, तब से उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वह विकेट लेते रहे हैं। वह अपना सब कुछ झोंक देते हैं। उन्होंने भारतीय टीम की तरफ से भी बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।'  


उन्होंने आगे कहा, 'उम्र तो बस एक संख्या है। अगर वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं तो उम्र मायने नहीं रखती। मैं शमी भाई की वह ललक देखता हूं। वह बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनके टीम में होने से हमें आत्मविश्वास मिलता है।' 

 

यह भी पढ़ें: सेमीफाइनल में पहुंच चुकी टीम इंडिया का पाकिस्तान के खिलाफ असली टेस्ट क्यों है?

 

शमी की उम्र को देखते हुए उनका करियर ढलान पर माना जा रहा है लेकिन ईशान ने बताया कि वह कुछ अतिरिक्त ओवर करने के लिए तैयार रहते हैं। ईशान ने कहा, 'शमी भाई ने विकेट लेने के लिए अतिरिक्त ओवर मांगे थे। कप्तान के रूप में मुझे उनका यह रवैया बहुत अच्छा लगा। इससे कप्तान का आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उनके अंदर अब भी भारतीय टीम की तरफ से खेलने की ललक है। वह फिर से भारतीय टीम का हिस्सा बनना चाहते हैं।'

 

यह भी पढ़ें: US Open में गंजेड़ी बने सिरदर्द... आर्यना सबालेंका ने बीच में रोक दिया मैच

तिलक वर्मा ने भी शमी की तारीफ की

शमी ने भारत के लिए आखिरी मैच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ दुबई में खेला था। साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने भी शमी की जमकर तारीफ की लेकिन कहा कि उनकी टीम इस चतुर तेज गेंदबाज का सामना करने के लिए तैयार है। तिलक ने कहा, 'शमी भाई के खिलाफ खेलना हमारे लिए एक अच्छी चुनौती होगी। हमने पिछले मैच में देखा कि कैसे उन्होंने बल्लेबाजों को फंसाकर विकेट लिए। लेकिन हम उनका सामना करने के लिए तैयार हैं।'