जापान के नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स में भारत को एक बड़ा झटका लगा है। इन गेम्स के दौरान भारतीय पैरालंपिक तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। 40 साल के मोहम्मद शम्स आलम शेख पर एक होटल कर्मचारी के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना के बाद उन्हें गेम्स से हटाकर भारत वापस भेज दिया गया है। 

 

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना सोमवार को फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन होटल में हुई, जहां भारतीय खिलाड़ी ठहरे हुए थे।  शम्स आलम पर होटल की एक महिला हाउसकीपिंग कर्मचारी के साथ यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के बाद कर्मचारी ने होटल मैनेजमेंट और पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। 

 

यह भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हराया, बावुमा का बदला पूरा!

 

पुलिस ने हिरासत में लिया

 स्थानीय आयोजन समिति ने भारतीय कैंप को होटल कर्मचारी की शिकायत के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य होटल पहुंचे और पुलिस तथा होटल मैनेजमेंट से बातचीत की। इस घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के बाद मोहम्मद शम्स आलम शेख को स्थानीय पुलिस स्टेशन ले जाया गया। इसके बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी और उन्हें भारत वापस भेजने का फैसला लिया गया।

 

सख्त कार्रवाई की संभावना

इस मामले पर पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया ने भी सख्त रुख अपनाया है। कमेटी के अनुसार, भारतीय दल के शेफ डी मिशन ने  मोहम्मद शम्स आलम शेख पर आजीवन प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है। शेफ डी मिशन किसी बड़े खेल दल का नेतृत्व करने वाला अधिकारी होता है, जो प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और दल से जुड़े मामलों की निगरानी करता है। 

 

यह भी पढ़ें: 429 रन बना इतरा रहा था इंग्लैंड, श्रीलंका ने टारगेट चेज कर दुनिया को किया हैरान

कौन हैं शम्स आलम शेख?

मोहम्मद शम्स आलम शेख पैरालंपिक तैराक हैं और उनकी उम्र 40 साल है। 24 साल की उम्र में पीठ में ट्यूमर के ऑपरेशन के बाद उनके शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह से काम करना बंद कर दिया था। हालांकि उन्होंने इसके बाद अपने जीवन को नया मोड़ दिया और तैराकी को अपना करियर बनाया। 

 

एशियन पैरा गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में इस तरह का मामला सामने आने से भारतीय दल की छवि और खिलाड़ियों के आचरण को लेकर सवाल उठ सकते हैं। हालांकि, किसी भी व्यक्ति के खिलाफ लगे आरोपों को अदालत या संबंधित कानूनी प्रक्रिया के निष्कर्ष से पहले दोष साबित होने के बराबर नहीं माना जा सकता। फिलहाल, मामले में जापानी पुलिस की जांच और भारतीय पैरालंपिक समिति की आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। एशियन पैरा गेम्स 2018 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने 200 मीटर और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में दो गोल्ड मेडल जीते हैं।