इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच 1 टेस्ट और 3 वनडे मैच खेले जाएंगे। इसके बाद टीम इंडिया आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी। आयरलैंड के खिलाफ उसे 2 टी20, जबकि इंग्लैंड से 5 टी20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में बदलाव की मांग की जा रही है। IPL 2026 में धमाल मचा रहे वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने की चर्चा सबसे तेज है।

 

15 साल के वैभव मौजूदा IPL सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 240 प्लस के स्ट्राइक रेट से 680 रन बटोर लिए हैं। इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार को भी टीम में चुनने की चर्चा जोरों पर है। पाटीदार को टीम की कमान सौंपने की भी सलाह दी जा रही है। वह अपनी कप्तानी में RCB को लगातार दूसरे IPL खिताब के करीब पहुंचा चुके हैं। बल्ले से भी उनका प्रदर्शन कमाल का रहा है। उन्होंने मंगलवार (26 मई) को धर्मशाला में खेले गए क्वालिफायर 1 मुकाबले में गुजरात टाइंट्स के खिलाफ महज 33 गेंद में नाबाद 93 रन ठोक दिए थे।

 

यह भी पढ़ें: सिंधु और लक्ष्य ने सिंगापुर ओपन के क्वार्टर-फाइनल में बनाई जगह, प्रणय बाहर

सूर्या की जाएगी कप्तानी?

सूर्यकुमार यादव ने कुछ ही महीनों पहले अपनी कप्तानी में भारत को टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाया है। हालांकि उनकी फॉर्म काफी समय से खराब है, जिसके चलते सेलेक्टर्स उन्हें टीम से बाहर करने पर विचार कर रहे हैं। IPL के बाद सूर्या के भविष्य पर फैसला लिया जा सकता है। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, हेड कोच गौतम गंभीर के हाथ में सब कुछ है। अगर गंभीर लीडरशिप में बदलाव करना चाहेंगे, तो पाटीदार एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं।

 

श्रेयस अय्यर भी टी20 कप्तान बनने की रेस में हैं लेकिन RCB फिर से चैंपियन बनती है, तो पाटीदार पहली पसंद बन सकते हैं। पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायुडू ने ESPNcricinfo के शो पर कहा है, 'मैं दो-तीन खिलाड़ियों को चुनकर उनके इर्द-गिर्द टीम बनाता और रजत उनमें से एक हैं।'

 

यह भी पढ़ें: विनेश फोगाट को ट्रायल्स में नहीं उतरने देगा WFI? सुप्रीम कोर्ट का खटखटाया दरवाजा

धर्मशाला की पारी बदलेगी पाटीदार की किस्मत?

दो साल पहले धर्मशाला में ही खराब फॉर्म और चोट के कारण रजत पाटीदार भारतीय टेस्ट टीम से बाहर हो गए थे। इंग्लैंड के स्पिनरों ने मार्च 2024 में छह में से तीन पारियों में उन्हें आउट किया था। इसके बाद धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में ही सीरीज के आखिरी टेस्ट में पाटीदार की जगह देवदत्त पडिक्कल को मौका मिला था। भले ही अब अलग फॉर्मेट की बात चल रही हो लेकिन धर्मशाला में आई पाटीदार की पारी ने उन्हें भारतीय टीम में वापसी के करीब पहुंचा दिया है।