रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन के ग्रुप स्टेज के आखिरी राउंड के मुकाबले 29 जनवरी से शुरू हुए। हैदराबाद स्थित जिमखाना ग्राउंड में मेजबान हैदराबाद की टीम छत्तीसगढ़ का सामना कर रही है। इस मुकाबले में मोहम्मद सिराज ने कातिलाना गेंदबाजी की है। भारतीय टी20 टीम से बाहर चल रहे सिराज ने छत्तीसगढ़ के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त किया और फिर उनके मिडिल और लोअर ऑर्डर को समेट उनकी पारी सस्ते में समेट दी।
स्टार तेज गेंदबाज सिराज ने अनुज तिवारी और संजीत देसाई के रूप में छत्तीसगढ़ को दो शुरुआती झटके दिए। इसके बाद उन्होंने पुरानी गेंद से विकल्प तिवारी (94 रन) को चलता किया। अगले ओवर में सिराज ने आदित्य सरवटे के रूप में छत्तीसगढ़ को आठवां झटका दिया। सिराज ने 17 ओवर डाले और 4 विकेट झटके, जिससे हैदराबाद ने छत्तीसगढ़ को 283 रन पर ऑलआउट कर दिया।
यह भी पढ़ें: भारत या पाकिस्तान, U19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में कौन पहुंचेगा? ये है समीकरण
प्रतीक यादव का शतक
हैदराबाद ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 58 रन पर छत्तीसगढ़ के 5 विकेट उखाड़ दिए थे। यहां से विकल्प तिवारी और प्रतीक यादव ने मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 183 रन की साझेदारी की। तनय त्यागराजन ने इस जोड़ी को तोड़ा। त्यागराजन ने प्रतीक यादव का अहम विकेट झटका। प्रतीक ने 99 गेंद में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 106 रन की पारी खेली।
उनके आउट होते ही विकल्प का धैर्या भी जवाब दे गया और वह सिराज का शिकार बन गए। इन दोनों के आउट होते ही हैदराबाद ने छत्तीसगढ़ की पारी समेटने में देर नहीं लगाई। सिराज के अलावा रक्षण रेड्डी ने 2 विकेट लिए। त्यागराज, कोडिमेला हिमातेजा और अनिकेत रेड्डी ने 1-1 विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: U19 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड से नहीं पाकिस्तान से क्यों खेलेगी टीम इंडिया? समझिए
अमन राव ने हैदराबाद को दिलाई सधी हुई शुरुआत
छत्तीसगढ़ को ऑलआउट करन के बाद अपनी पहली पारी में बैटिंग करने उतरी हैदराबाद को युवा ओपनर अमन राव और अभिरत रेड्डी ने सधी हुई शुरुआत दिलाई है। अमन और अभिरत की जोड़ी ने हैदराबाद को बिना किसी नुकसान के 50 के पार पहुंचा दिया है। अमन 53 गेंद में 32 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं अभिरत 37 गेंद में 23 रन पर हैं। अमन ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं।
