पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल मचा हुआ है। इंग्लैंड दौरे पर पहले दो टेस्ट मैचों में मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बड़ा कदम उठाते हुए लगभग आधी टीम बदल दी। मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक और सलमान अली आगा समेत 7 खिलाड़ियों को घर भेज दिया गया। इतना ही नहीं टेस्ट टीम के कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल की भी छुट्टी कर दी गई।

 

PCB ने माइक हेसन को टेस्ट टीम का कोच बनाया है। हेसन पहले से ही पाकिस्तानी वनडे और टी20 टीम को कोचिंग दे रहे हैं। अब उन्हें टेस्ट की भी जिम्मेदारी मिल गई है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज एशले नोफके उनके साथ असिस्टेंट के तौर पर जुड़े हैं। 

 

पाकिस्तानी टीम के लगातार खराब प्रदर्शन के बाद हुए इन बदलावों पर पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि PCB को अब मौजूदा टीम से कोई उम्मीदें नहीं हैं। बोर्ड अब युवा खिलाड़ियों की ओर देख रहा है। शोएब ने PCB के एक अधिकारी से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट वेंटिलेटर पर है।

 

यह भी पढ़ें: Duleep Trophy Final: कुमार कुशाग्र ने ठोका शतक, अनोखे सेलिब्रेशन का VIDEO वायरल

PCB का ध्यान अब भविष्य पर - अख्तर

शोएब ने 'आउटसाइड एज' शो पर कहा कि बोर्ड ने टीम को रीबिल्ड करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। उन्होंने कहा, 'PCB खुद इन खिलाड़ियों से बहुत निराश था और उन्हें इस पाकिस्तान टीम से कोई उम्मीद नहीं है। प्लान यह है कि इस स्क्वॉड को हटाकर उनकी जगह युवा और नए खिलाड़ियों को लाया जाए। ऐसे खिलाड़ी जो सिर्फ पाकिस्तान के लिए खेलना चाहते हों। वे अब भविष्य पर ध्यान दे रहे हैं और सही दिशा में काम कर रहे हैं।'

 

शोएब ने PCB को सलाह दी कि इस बदलाव के दौरान सावधानी भी बरतनी चाहिए। उन्होंने खासतौर पर शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ का नाम लिया और कहा कि इनका करियर सुरक्षित रखा जाए। इस तिकड़ी में अभी काफी क्रिकेट बाकी है।

 

यह भी पढ़ें: पंजाब की टी20 लीग में अब शुभमन गिल ने काटा गदर, डेब्यू मैच में जड़े 8 चौके-छक्के

'टीम को मजबूत बनाने में लगेंगे दो साल'

शोएब ने यह भी दावा किया कि PCB के एक अधिकारी के साथ बातचीत से उन्हें बोर्ड की मौजूदा टीम से उम्मीदों के बारे में अहम जानकारी मिली। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज ने बताया कि उन्होंने एक अधिकारी से पूछा था कि PCB को इंग्लैंड दौरे पर टीम से क्या उम्मीदें हैं। शोएब ने अधिकारी के हवाले से कहा, 'कुछ भी नहीं। हमें खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी से उम्मीदें हैं, जिन्हें हम बड़े मंच के लिए तैयार कर रहे हैं।'

 

शोएब ने आगे बताया कि उसी अधिकारी ने पाकिस्तान क्रिकेट की स्थिति को वेंटिलेटर पर बताया और कहा कि नेशनल सेटअप को फिर से पटरी पर लाने में लगभग दो साल लग सकते हैं।