ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 46वां मुकाबला श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हो रहे इस मैच में न्यूजीलैंड ने 168/7 का स्कोर खड़ा किया है। कीवी टीम को यहां तक पहुंचाने में कप्तान मिचेल सैंटनर की अहम भूमिका रही। सातवें नंबर पर उतरे सैंटनर ने 26 गेंद में 2 चौके और 4 छक्के उड़ाते हुए 47 रन ठोके। उनकी यह पारी उस समय आई, जब न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 84 रन तक पहुंचते-पहुंचते 6 विकेट खो दिए थे।
कीवी टीम की पारी 120 के नीचे सिमटती दिख रही थी मगर सैंटनर ने कोल मैकॉन्ची के साथ मिलकर उसे मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 47 गेंद में 84 रन की साझेदारी हुई, जो इस मुकाबले में टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है। मॉकॉन्ची ने 23 गेंद में नाबाद 31 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: सुधर सकता है इंडिया का नेट रन रेट, जिम्बाब्वे के खिलाफ करने होंगे ये काम
गम में बदल गई श्रीलंका की खुशी
श्रीलंका ने गेंद के साथ अच्छी शुरुआत करते हुए पावरप्ले के अंदर कीवी टीम के दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया था। महीश थीक्षना ने आक्रामक बैटिंग कर रहे फिन एलन (13 गेंद में 23) को अपनी ही गेंद पर लपका। इसके बाद दुष्मंता चमीरा ने टिम साइफर्ट (9 गेंद में 8 रन) को कामिंदु मेंडिस के हाथों लपकवाया। 34 रन पर 2 झटके लगने के बाद रचिन रवींद्र (22 गेंद में 32 रन) और ग्लेन फिलिप्स (18 गेंद में 18 रन) ने छोटी पार्टनरशिप बनाई और न्यूजीलैंड को उबारा लेकिन जब रन गति बढ़ाने की बारी आई, वे चलते बने।
यह भी पढ़ें: 'वर्ल्ड कप जीतना...' बैटिंग कोच ने बताया अब टीम इंडिया को क्या करना होगा!
थीक्षना, चमीरा और दुनिथ वेल्लालगे ने कीवी टीम को 75/2 के स्कोर से 84/6 कर दिया। यानी इन तीनों ने 11 रन देकर आपस में 4 विकेट बांटे। श्रीलंकाई टीम पूरी तरह से कंट्रोल में नजर आ रही थी लेकिन सैंटनर और मैकॉन्ची की साझेदारी ने उससे मोमेंटम छीन लिया। अब मेजबान टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरेगी तो उसके सामने एक बड़ा टोटल होगा। ध्यान रहे कि यही श्रीलंका की टीम इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मुकाबले में 147 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 95 पर सिमट गई थी।
