वेस्टइंडीज के खिलाफ बुधवार को हैदराबाद टी20 में 24 रनों से मिली हार के बाद भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का बयान सामने आया है। सुनील गावस्कर का मानना है कि हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में वेस्टइंडीज से मिली हार के बाद भारतीय टीम को लक्ष्य का पीछा करने के अपने तरीके में सुधार करना होगा। सुनील गावस्कर ने बल्लेबाजों की जमकर क्लास लगाई और कहा कि गेंदबाज नए हैं, बल्लेबाजों को जिम्मेदारी उठानी चाहिए थी।  

 
वेस्टइंडीज के खिलाफ हैदराबाद टी20 में टीम इंडिया 24 रनों से हार गई। टीम इंडिया 20 ओवर्स में 247 रन लुटा दिए और लक्ष्य का पीछा करते हुए 223 रन तक ही पहुंच सकी। इस मैच में कीमो पॉल ने 5 विकेट चटकाकर भारत की पूरी टीम को 223 रनों पर समेट दिया। हार के बाद पिच को लेकर भी बहस छिड़ गई। इसपर सुनील गावस्कर ने कहा कि पिच को जिम्मेदार ठहराने के बजाय गेंदबाजों की सटीकता पर भी ध्यान देना जरूरी है।  

 

यह भी पढ़ें: इंडियन सुपर लीग की सबसे सफल टीम कौन है, सेलिब्रिटीज की टीमों का क्या हाल है?

भारतीय बल्लेबाजों पर क्या बोले सुनील गावस्कर? 

 मैच में संजू सैमसन की 23 गेंदों में खेली गई तेज-तर्रार 56 रनों की पारी के बावजूद, भारत वेस्टइंडीज के 3 विकेट पर 247 रनों का स्कोर चेज करने में नाकाम रहा। कीमो पॉल ने 5 विकेट चटकाकर भारत की पूरी टीम को 223 रनों पर समेट दिया, जिससे अब 5 मैचों की इस सीरीज का फैसला बेंगलुरु में होने वाले आखिरी मैच में होगा।

 

इस मैच में मिली करारी हार को लेकर सुनील गावस्कर ने कहा कि, 'भारतीय टीम को सबसे पहले अपने 'लक्ष्य का पीछा करने' (चेजिंग) के तरीके में सुधार करने की जरूरत है। बल्लेबाजों को और ज्यादा जिम्मेदारी दिखानी होगी। अगर बल्लेबाज जिम्मेदारी नहीं लेंगे, तो भारतीय टीम सफल नहीं हो पाएगी।' उन्होंने यह भी कहा कि भारत बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने में विफल रहा, जबकि ओस (ड्यू) भी बल्लेबाजों के पक्ष में थी।

गावस्कर ने भारत की बल्लेबाजी रणनीति पर उठाए सवाल

सुनील गावस्कर ने कहा कि सैमसन की शानदार शुरुआत का भारत को फायदा उठाना चाहिए था, लेकिन बाकी बल्लेबाज ऐसा करने में नाकाम रहे। उन्होंने कहा, 'संजू ने भारत को एक बेहतरीन शुरुआत दी लेकिन बाकी बल्लेबाजों ने इसका बिल्कुल भी फायदा नहीं उठाया। अभिषेक शर्मा ने बहुत खराब पारी खेली, जो उनके स्तर के हिसाब से बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।' 

 

उन्होंने आगे कहा, 'ईशान किशन कीमो पॉल के जाल में फंस गए, और श्रेयस अय्यर भी अपने शतक के बाद से लय हासिल नहीं कर पाए हैं।' हालांकि, पूर्व कप्तान ने भारत के अनुभवहीन गेंदबाजों का बचाव करते हुए कहा कि भले ही उन्होंने काफी रन लुटाए हों, लेकिन उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीखने के लिए समय की जरूरत है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पता है कि गेंदबाजी खराब रही है लेकिन इन गेंदबाजों के पास अनुभव नहीं है। ये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नए हैं और इन्हें बाउंड्री खानी ही पड़ेगी, तभी ये सीख पाएंगे।