जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़े मैच से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर आ रही है। रिंकू सिंह आज (25 फरवरी) शाम तक भारतीय टीम से दोबारा जुड़ जाएंगे। टीम इंडिया के बैटिंग कोच सिंताशु कोटक ने इस बात की पुष्टि की है।
सितांशु कोटक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'रिंकू शाम तक टीम से जुड़ जाएगा। वह अपने पिता की तबीयत बिगड़ने के चलते घर गया था।' रिंकू ने कल चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारतीय टीम के प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा नहीं लिया था। वह आनन-फानन में घर पहुंचे थे। उनके पिता ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में गंभीर हालत में भर्ती हैं।
यह भी पढ़ें: श्रीलंका-न्यूजीलैंड मैच में होगा पाकिस्तान की किस्मत का फैसला, यहां देखें LIVE
जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेंगे या नहीं?
ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका से मिली करारी हार के बाद भारतीय टीम पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। टीम इंडिया को सुपर-8 में पहुंचने के लिए अपने बचे हुए दोनों मुकाबले हर हाल में जीतना जरूरी है। गुरुवार (26 फरवरी) को जिम्बाब्वे से होने वाले 'करो या मरो' वाले मुकाबले से पहले रिंकू का टीम से जुड़ तो जाएंगे लेकिन उनका खेलना तय नहीं है।
माना जा रहा है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन को ओपनिंग स्लॉट में लाने पर विचार कर रही है। संजू को प्रैक्टिस सेशन में काफी पसीना बहाते हुए भी देखा गया। उनके आने का मतलब है कि रिंकू को बाहर बैठना होगा। रिंकू ने इस टी20 वर्ल्ड कप के पांच मैचों में 24 रन बनाए हैं। वह दो बार नाबाद लौटे हैं। बैटिंग ऑर्डर में काफी नीचे उतारे जाने के कारण उन्हें कम गेंदें मिली हैं, जिससे वह अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं।
यह भी पढ़ें: डोपिंग टेस्ट से बचने के लिए भाग गई भारतीय खिलाड़ी, अब AIU ने लगाया 3 साल का बैन
ईशान किशन होंगे नंबर-3
भारतीय टीम के टॉप-3 में सभी बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के कारण विपक्षी टीमें ऑफ स्पिनर का इस्तेमाल कर रही हैं। इससे टीम इंडिया के लेफ्ट हैंडर्स को मुश्किलें हो रही हैं। समझा जा रहा है कि इससे निपटने के लिए ही संजू को ओपनिंग स्लॉट में लाया जाएगा। ईशान किशन नंबर-3 पर खेल सकते हैं। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा में से कोई एक आएगा।
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग-XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह
