उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2026 के क्वालिफायर 2 में मेरठ मावेरिक्स ने नोएडा किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंच गई है। अब मेरठ मावेरिक्स की टक्कर भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ फाल्कन्स से होगी। लखनऊ फाल्कन्स ने क्वालिफायर 1 में मेरठ मावेरिक्स को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में एंट्री ली थी। रिंकू की टीम इस हार का बदला लेने के लिए बेताब होगी।
यश गर्ग ने बरपाया कहर
हाई-प्रेशर नॉकआउट मैच में रिंकू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। करण चौधरी ने उनके फैसले को सही साबित करते हुए 10 रन पर ही नोएडा किंग्स को पहला झटका दे दिया। हालांकि इसके बाद ओपनर शौर्य सिंह (33 गेंद में 47 रन) और माधव कौशिक (29 गेंदों में 36 रन) के बीच दूसरे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी हुई, जिससे नोएडा किंग्स बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी लेकिन उसका मिडिल ऑर्डर बुरी तरह लड़खड़ा गया।
यश गर्ग और जीशान अंसारी ने नोएडा किंग्स की सरपट भाग रही पारी पर ब्रक लगाया। यश गर्ग ने 14 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि जीशन ने अपनी बेहतरीन फॉर्म जारी रखते हुए 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए। नोएडा किंग्स के कप्तान प्रशांत वीर (17 गेंद में 18 रन) ने पारी को संभालने और डेथ ओवर्स में टीम को संभालने की कोशिश की लेकिन रिंकू सिंह ने गेंद से कमाल दिखाते हुए 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें चलता कर दिया। नोएडा किंग्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 134 रन ही बना सकी।
यह भी पढ़ें: Asia Cup: कितने बजे से शुरू होगा भारत-पाकिस्तान मैच, मोबाइल पर कहां दिखेगा?
रिंकू ने खेली कप्तानी पारी
टारगेट का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत बहुत खराब रही। नोएडा किंग्स ने जबरदस्त वापसी की और मेरठ का स्कोर 10.2 ओवर में 61/4 कर दिया, जिससे टीम मुश्किल स्थिति में आ गई। नोएडा किंग्स के कप्तान प्रशांत वीर ने एक बार फिर अपनी टीम के लिए अहम भूमिका निभाई और दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
मेरठ मावेरिक्स मैनेजमेंट ने यहां से एक तगड़ी चाल चली, जिसने मैच का रुख बदल दिया। यश गर्ग को बैटिंग ऑर्डर में प्रमोट किया गया और उन्होंने कप्तान रिंकू का बखूबी साथ निभाकर टीम को फाइनल में एंट्री दिला दी। रिंकू और यश गर्ग ने 46 गेंद में 74 रन की अटूट साझेदारी की। मेरठ मावेरिक्स को जब आखिरी 3 ओवर में 19 रन की जरूरत थी, तब यश गर्ग ने प्रशांत वीर को निशाना बनाया और लगातार तीन छक्के जड़ मुकाबला खत्म कर दिया।
यह भी पढ़ें: संजू या अभिषेक वैभव के साथ किसको पार्टनर देखना चाहते हैं पूर्व क्रिकेटर?
यश गर्ग ने 44 गेंद पर नाबाद 56 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने 3 विकेट भी झटके थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। रिंकू ने 23 गेंद में नाबाद 37 रन की कप्तानी पारी खेली, जिससे मेरठ मावेरिक्स की टीम अपने दूसरे खिताब के करीब पहुंची।
