अलेक्जेंडर ज्वेरेव यूएस ओपन 2026 के पहले राउंड के मैच में हारते-हारते बचे हैं। फ्रेंच ओपन चैंपियन और टॉप सीड ज्वेरेव को गैर-वरीय लोरेंजो सोनेगो से जीतने के लिए लगभग 5 घंटे मेहनत करनी पड़ी। ज्वेरेव ने सोनेगो के उलटफेर के प्रयास से बचते हुए 4 घंटे 52 मिनट तक चले इस रोमांचक मैच में 6-4, 3-6, 6-7(7), 7-5, 6-4 से जीत हासिल की।
ज्वेरेव ने दूसरा और तीसरा सेट गंवाने के बाद अच्छी वापसी की और इटली के 89वें नंबर के खिलाड़ी सोनेगो के आरमानों पर पानी फेर दिया। यह ज्वेरेव की सोनेगो के खिलाफ लगातार सातवीं जीत है। सोनेगो इससे पहले 9 बार यूएस ओपन में उतरे थे लेकिन कभी वह दूसरे राउंड से आगे नहीं बढ़ पाए। इस बार उन्होंने पहले राउंड में कड़ी टक्कर दी लेकिन वह ज्वेरेव को हरा नहीं पाए।
यह भी पढ़ें: क्या मजाक है! शेर-ए-पंजाब T20 लीग में 264 रन बनाकर भी हार गई अभिषेक शर्मा की टीम
इस तरह के मैच की जरूरत थी - ज्वेरेव
ज्वेरेव ने मैच के बाद कहा, 'मुझे खुशी है कि मैं इस तरह का मुकाबला जीतने में सफल रहा। मुझे इसी तरह के मैच की जरूरत थी, क्योंकि पिछले दो टूर्नामेंट में मैं अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था। कई बार संघर्ष करने के बाद आपको अनुकूल परिणाम मिलता है और उम्मीद है कि टूर्नामेंट में मैं आगे भी अच्छा प्रदर्शन करूंगा।'
रायबाकिना और गॉफ भी जीतीं
महिला वर्ग में एलेना रायबाकिना और कोको गॉफ ने सीधे सेटों में जीत हासिल करके दूसरे राउंड में जगह बनाई। दूसरी वरीयता प्राप्त रायबाकिना ने कैलिफोर्निया की रहने वाली 17 वर्षीय खिलाड़ी थिया फ्रोडिन को 6-3, 6-2 से हराया। चौथी वरीयता प्राप्त गॉफ ने जेनिप सोनमेज को 6-3, 6-4 से मात दी। पांचवीं वरीयता प्राप्त मारिया एंड्रीवा ने इंडोनेशिया की खिलाड़ी जेनिस जेन को 6-2, 6-2 से पराजित किया, जबकि 17वीं वरीय एलेक्स माइला ने मैरी एस्तोइयाना को 6-1, 6-2 से हराया।
यह भी पढ़ें: चाइना मास्टर्स: लक्ष्य सेन पहले राउंड से बाहर, कनाडाई खिलाड़ी ने फिर हराया
यह खिलाड़ी उलटफेर का शिकार
महिला सिंगल्स में 12वीं वरीयता प्राप्त बेलिंडा बेनसिच उलटफेर का शिकार हो गई। उन्हें कजाकिस्तान की गैर-वरीय खिलाड़ी यूलिया पुतिनसेवा ने 4-6, 7-5, 6-3 से हराया। मैडिसन कीज सीधे सेटों में जीत दर्ज करके आगे बढ़ने में सफल रहीं।
पुरुष वर्ग में अमेरिका के नौवीं वरीयता प्राप्त टेलर फ्रिट्ज ने हमवतन डार्विन ब्लान्च को 6-3, 6-2, 6-4 से शिकस्त दी। इटली के पांचवीं वरीयता प्राप्त फ्लेवियो कोबोली को हालांकि अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को कोमेसाना पर 3-6, 2-6, 6-3, 6-4, 6-4 से जीत हासिल करने के लिए पांच सेट तक जूझना पड़ा। गेल मोनफिल्स ने पहला सेट गंवाने के बाद जोरदार वापसी करके एडोल्फो डेनियल वैलेजो को 2-6, 6-1, 6-2, 6-0 से हराया। उन्होंने इस तरह से अपने 40वें जन्मदिन को यादगार बना दिया।
मोनफिल्स साले के अंतिम ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में मैच जीतने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले जिमी कॉनर्स ने यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने दो सितंबर 1992 को 40 साल की उम्र में जैमे ओन्सिन्स को हराया था।
