युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया की ओर से खेलने का रास्ता साफ होता दिख रहा है। 15 साल के वैभव को श्रीलंका में होने वाली वनडे ट्राई सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम में चुन लिया गया है। BCCI ने गुरुवार (14 मई) को टीम का ऐलान किया। समझा जा रहा है कि वैभव को टीम में इसलिए शामिल किया गया है, क्योंकि सेलेक्टर्स उन्हें इंडिया-ए टीम के साथ परखना चाहते हैं। सेलेक्टर्स 26 जून से शुरू होने वाले UK (आयरलैंड और इंग्लैंड) दौरे के लिए सीनियर टीम में चुने जाने से पहले उन्हें आजमाना चाहते हैं।

वैभव की बड़ी छलांग

बाएं हाथ के विस्फोटक ओपनर वैभव को पहली बार इंडिया-ए टीम में जगह मिली है। यह वैभव की बड़ी छलांग है। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए पिछले साल धमाल मचाने के बाद अंडर-19 वर्ल्ड कप में धांसू प्रदर्शन किया था। वैभव टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 80 गेंद में 175 रन की नायाब पारी खेल टीम इंडिया को खिताब दिलाया था। अब वह IPL 2026 में कमाल कर रहे हैं।

 

वैभव ने मौजूदा सीजन में 11 पारियों में 236.55 के स्ट्राइक रेट से 440 रन जड़ दिए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकला है।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 खत्म होते ही 3 कप्तानों की होगी छुट्टी, जानिए किस-किस पर गिरेगी गाज

तिलक वर्मा के हाथ में कमान

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने वनडे ट्राई सीरीज के लिए तिलक वर्मा को इंडिया-ए टीम का कप्तान बनाया है। उप-कप्तान की जिम्मेदारी रियान पराग को दी गई है। इस टीम में प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह को बतौर ओपनर चुना गया है। इसके अलावा हर्ष दुबे, कुमार कुशाग्र, निशांत सिंधु और सूर्यांश शेडगे जैसे खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। तेज गेंदबाजी की कमान अंशुल कम्बोज, युद्धवीर सिंह, यश ठाकुर और अरशद खान संभालेंगे। इस टीम में पराग और तिलक वर्मा के अलावा कम्बोज ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने सीनियर लेवल पर टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया है।  

 

ट्राई सीरीज में भारत और मेजबान श्रीलंका के अलावा अफगानिस्तान-ए टीम हिस्सा लेगी। सभी मैच दाम्बुला में खेले जाएंगे। इंडिया-ए टीम गॉल में दो 4 दिवसीय मैच भी खेलेगी। उसके लिए टीम की घोषणा बाद में की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: योगराज सिंह के डायलॉग पर बवाल, पंजाब महिला आयोग ने पुलिस से की कार्रवाई की अपील

इंडिया-ए का स्क्वॉड:

तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उप-कप्तान), आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कम्बोज, अरशद खान