भारतीय टी20 टीम की ओपनिंग जोड़ी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया के पास ऑप ऑर्डर में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी के रूप में तीन विकल्प मौजूद हैं। अब सभी की नजरें इस पर हैं कि कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर किन दो खिलाड़ियों को शुरुआत में मैदान में उतारेंगे। इसको लेकर क्रिकेट जगत में चर्चा है और लोग अपने-अपने हिसाब से सुझाव दे रहे हैं। 

 

इसी में पूर्व भारतीय क्रिकेटर दीप दासगुप्ता ने एक दिलचस्प सुझाव दिया है। उनका मानना है कि भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन की नई ओपनिंग जोड़ी को आजमाना चाहिए। खास बात यह है कि इन दोनों ने अब तक भारत के लिए साथ में पारी की शुरुआत नहीं की है।

 

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में कौन लेगा नीरज चोपड़ा की जगह? AFI ने 3 बदलावों के साथ किया एलान

किसे मिलेगी कमान?

टीम इंडिया के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती विकल्पों की कमी नहीं, बल्कि विकल्पों की भरमार है। अभिषेक शर्मा लंबे समय से टी20 टीम के ओपनिंग विकल्पों में शामिल हैं। वहीं संजू सैमसन भी टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी कर चुके हैं और खुद को साबित भी कर चुके हैं। इसी क्रम में वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से टीम में अपनी जगह को मजबूत किया है। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत ने अलग-अलग मुकाबलों में अभिषेक शर्मा के साथ कभी वैभव को तो कभी संजू को मैदान में उतारा था। हालांकि, अब तक वैभव और संजू की जोड़ी ने ओपनिंग नहीं की है। 

क्या दिखेगी संजू-वैभव की जोड़ी?

पूर्व क्रिकेटर दीप दासगुप्ता के मुताबिक, जब तीनों खिलाड़ी उपलब्ध हों तो टीम को अलग-अलग जोड़ी को पर्याप्त मैच देना चाहिए, ताकि यह समझा जा सके कि भविष्य के लिए कौन-सी ओपनिंग जोड़ी सबसे प्रभावी साबित हो सकती है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अब तक भारत ने अभिषेक-वैभव और अभिषेक-संजू की जोड़ी देखी है, लेकिन संजू और वैभव को साथ में आजमाने का मौका नहीं मिला। इसलिए इस जोड़ी को भी देखने में कोई नुकसान नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके सुझाव का मतलब अभिषेक शर्मा को टीम से बाहर करना नहीं है। उनका कहना है कि टीम इंडिया को एक बार ओपनिंग में वैभव और संजू की जोड़ी को मौका देकर देखना चाहिए। 

 

यह भी पढ़ें: 'पहली बॉल पे लप्पा नहीं मारूंगा', बर्थडे पर युवराज ने दिलाई कसम, कराई उठक-बैठक

वैभव का शानदार प्रदर्शन

वैभव सूर्यवंशी के पक्ष में सबसे बड़ा तर्क उनकी हालिया फॉर्म है। जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और तीन पारियों में 151 रन बनाए। उनका औसत 50.33 और स्ट्राइक रेट 196.10 रहा। इस प्रदर्शन के दम पर वह सीरीज में भारत के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में रहे और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने। इसी प्रदर्शन के बाद वैभव को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में बरकरार रखा गया है। उनके प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुआ आने वाली सीरीज में उन्हें बरकरार रखा जा सकता है। अब सवाल यह है कि क्या आगामी सीरीज में हमें भारत की ओर से ओपनिंग करते हुए एक नई जोड़ी दिखाई देगी या नहीं।