आईपीएल (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम अपने आखिरी लीग मैच में गुजरात टाइटन्स से हार चुकी है, जिस वजह से उसका सफर खत्म हो गया। इस सीजन में महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ एक मैच के दौरान टीम के ड्रेसिंग रूम में दिखे थे और चोट के चलते वह पूरे सीजन बाहर ही रहे। CSK के सीजन से बाहर होने के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टीम को लेकर अहम बातें बताई हैं। साथ ही, उन्होंने एमएस धोनी को लेकर खास जानकारी दी है। ऋतुराज गायकवाड़ का मानना है कि एमएस धोनी कब संन्यास लेंगे, यह पूरी तरह से उनका निजी फैसला है।
CSK और गुजरात टाइटन्स के बीच 20 मई को मैच हुआ था, जिसमें CSK गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 89 रनों से हार गई। इस सीजन में एमएस धोनी के अंगूठे में चोट लग गई थी, जिस वजह से वह एक भी मैच नहीं खेल पाए थे। एमएस धोनी इस वक्त 44 साल के हैं। अब चर्चा हो रही है कि धोनी अगले सीजन में मैच खेलेेंगे या फिर अब रिटायर ही हो जाएंगे। इस पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने जवाब दिया है।
यह भी पढ़ें: भारत से पहले पाकिस्तान के लिए खेले थे सचिन तेंदुलकर? रोचक है कहानी
क्या 2027 के आईपीएल में धोनी नहीं खेलेंगे?
CSK टीम के गुजरात टाइटन्स से हारने के बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने कुछ पत्रकारों से बात की थी। उस दौरान एक रिपोर्टर ने ऋतुराज गायकवाड़ से सवाल पूछा, क्या 2027 में एमएस धोनी खेलते नजर आएंगे? इसके जवाब में ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, 'इस सवाल का जवाब आपकी तरह मुझे भी नहीं पता है। एमएस धोनी ही फैसला लेंगे कि वह कब संन्यास लेंगे। अगर वह अगले साल संन्यास ले लेते हैं, तो यह हमारे लिए नुकसानदायक होगा। वह ऐसे शानदार खिलाड़ी हैं, जिन्हें खेलता देख विपक्षी टीम घबरा जाती है। इसी वजह से इस सीजन धोनी के न खेलने की वजह से हमें उनकी कमी खली थी।'
इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने जाहिर किया कि उनकी टीम ने इस साल अच्छा प्रदर्शन किया। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के बयानों से साबित होता है कि धोनी टीम के लिए बेहद खास खिलाड़ी हैं।
यह भी पढ़ें: 'IPL असली क्रिकेट से ज्यादा मूवी है...', PSL क्रिकेटर के बयान पर बवाल
एमएस धोनी का CSK के साथ अटूट बंधन
आईपीएल में CSK टीम के लिए एमएस धोनी पिछले कई सालों से खेल रहे हैं। वह CSK टीम का चेहरा बन चुके हैं। कई बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। एक बार एमएस धोनी ने खुद बताया था कि वह जब तक खेल पाएंगे, तब तक CSK टीम के लिए खेलते रहेंगे।
