संजय सिंह, बिहार के कटिहार जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। नेशनल हाईवे-31 पर कोढ़ा प्रखंड के पास हुआ यह भीषण सड़क हादसा ऐसा था, जिसे देखकर लोगों की रूह कांप उठी। तेज रफ्तार और बेकाबू बस मानो मौत बनकर सड़क पर दौड़ रही थी, जो सामने आया उसे कुचलती चली गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो चुकी और 30 लोग घायल है। माना जा रहा है कि बस चालक नशे में था, जिस वजह से यह घटना हुई।

 

यह बस पूर्णिया से भागलपुर की ओर जा रही थी। बस जैसे ही डागपुर बकरी फार्म और दातपुर मुसहरी चौक के बीच पहुंची, अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया। पहले बस ने सड़क पर जा रहे दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई लेकिन हादसा यहीं नहीं रुका। बस अनियंत्रित होकर आगे बढ़ती रही और एक पिकअप वैन से जा टकराई। इस टक्कर के बाद हालात और भयावह हो गए। बस की चपेट में आए लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। सड़क पर हर तरफ खून, टूटी गाड़ियां और बिखरा सामान नजर आ रहा था। स्थानीय लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक कई जिंदगियां खत्म हो चुकी थीं।

 

यह भी पढ़ें: गैंगस्टर साहिल चौहान कौन है, जिसे STF टीम थाईलैंड से भारत ला रही है

 

30 यात्री गंभीर रूप से जख्मी

 

अब तक इस हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 30 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों में एक महिला की पहचान 35 वर्षीय चिंतामणी महतो के रूप में हुई है, जो पूर्णिया की रहने वाली थीं और अपने रिश्तेदारों से मिलने आई थीं। बाकी मृतकों की पहचान अभी की जा रही है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि बस का चालक नशे में था और इससे पहले भी रास्ते में एक-दो जगह टक्कर मार चुका था। हादसे के बाद चालक बस लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, जिससे उसकी लापरवाही और भी साफ हो जाती है। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है और ड्राइवर की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

 

यह भी पढ़ें: UP में SIR के बाद आई फाइनल लिस्ट, नाम कट गया तो क्या करना है जान लीजिए

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी

 

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मदद के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने लगे। कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

 

 कटिहार पुलिस के अनुसार, हादसा कोढ़ा थाना क्षेत्र के गेड़ाबाड़ी के पास हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही हाईवे पर यातायात व्यवस्था को भी धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।