बिहार के पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र से किडनैप हुई युवती को अब पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पंजिपारा रेड लाइट एरिया से बरामद कर लिया है।  इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर युवती को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देने और पश्चिम बंगाल ले जाकर बेचने का आरोप है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मानव तस्करों में हड़कंप मच गया है। बरामद युवती को पुलिस ने महिला थाना लाकर काउंसलिंग कराई। साथ ही मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई।

 

एसपी के अनुसार 8 अक्टूबर की रात केसरिया थाना क्षेत्र के एक गांव से लड़की के अपहरण की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर वरीय अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। पीड़िता के तलाश के लिए पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में केसरिया थानाध्यक्ष, महिला पुलिस अधिकारी और तकनीकी शाखा के कर्मियों को शामिल किया गया था।

 

यह भी पढ़ें: राखी सावंत के खिलाफ अरेस्ट वारंट, 16 साल पुराने मामले में कोर्ट ने किया तलब

महिला पुलिस ने किया छापेमारी

गठित टीम ने सूचना के सत्यापन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती और आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया। लोकेशन पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के पंजिपारा रेड लाइट एरिया का मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने बंगाल पुलिस से संपर्क किया और स्थानीय पुलिस के सहयोग से पंजिपारा रेड लाइट एरिया में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया। वहीं मौके से आरोपी रोहित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है।

 

 पुलिस की पूछताछ में बरामद युवती ने बताया कि आरोपी रोहित ने उसे प्रेम जाल में फंसाया था। वह पिछले कुछ महीनों से उससे फोन पर बात करता था। शादी का झांसा देकर केसरिया से बाहर ले गया। पहले मुजफ्फरपुर ले गया, फिर वहां से ट्रेन से पश्चिम बंगाल ले गया। बंगाल में उसे एक महिला के हवाले कर दिया और मोटी रकम लेकर बेच दिया। युवती को एक कमरे में बंद रखा गया था। उससे जबरन गलत काम कराया जाता था। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। युवती ने किसी तरह एक मोबाइल से अपने परिवार वालों से संपर्क करने की कोशिश की थी लेकिन आरोपी ने उसका फोन छीन लिया था।

 

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा: रात में खाए नूडल्स, सुबह एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

 रेड लाइट एरिया से हुई बरामद

एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला मानव तस्करी का प्रतीत हो रहा है। आरोपी युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर बेचने के धंधे में शामिल है। इसके तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। उसके मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं। इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है। युवती का बयान महिला थाना में दर्ज किया गया है। कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा।

 

इधर, युवती के बरामद होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। परिजनों ने पुलिस को धन्यवाद दिया है। परिजनों का कहना है कि 8 अक्टूबर की रात से युवती लापता थी। काफी खोजबीन के बाद जब नहीं मिली तो थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर युवती को बरामद कर लिया। अगर पुलिस थोड़ी और देर करती तो कुछ अनहोनी हो सकती थी।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में डायन बताकर बेसहारा महिला की पीट-पीटकर हत्या, ओझा के कहने पर भड़की भीड़

आरोपी से गहन पूछताछ

एसपी ने बताया कि मानव तस्करी के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान चल रहा है। जिले में किसी भी तरह की मानव तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कोई युवती या बच्ची गायब होती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों से दोस्ती करते समय सावधानी बरतें। शादी का झांसा देकर तस्करी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहें। पुलिस ने युवती को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी और महिला हेल्पलाइन की काउंसलिंग में भी भेजा है, ताकि वह जल्द सामान्य जीवन में लौट सके।