उत्तर प्रदेश में सियासी सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को अयोध्या के राम मंदिर में करोड़ों रुपये की हेरफेर करने का आरोप लगा कर चर्चा का विषय बना दिया।
अयोध्या के राम मंदिर से चढ़ावे की धनराशि गायब होने को लेकर अखिलेश यादव बेहद गंभीर हो गए हैं। उन्होंने इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली है। पूर्व सीएम ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावे की रकम गायब होना बेहद गंभीर है। इसके साथ ही उन्होंने चिंता जताई।
यह भी पढ़ें: वाराणसी में नहीं बिकेगा मांस, दुकानों को सीमा से बाहर करने का फैसला
स्थिति को शर्मनाक बताते हुए चिंता जताई
सपा प्रमुख ने अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के लिए स्थिति को शर्मनाक बताते हुए चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण पर कोई भी ट्रंस्ट का आदमी सफाई देने के लिए सामने नहीं आ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कोर्ट से इस मामले में स्वत: संज्ञान लेने की भी मांग की है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान: मोबाइल नहीं देने पर तालाब में कूद गई बेटी, बचाने गई मां भी डूबी; मौत
अखिलेश यादव ने कहा क्या है?
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में कहा, 'समस्त विश्व में भगवान राम के उपासकों के लिए ये एक बेहद संवेदनशील समाचार है कि ‘राम मंदिर’ के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब पाई गई है। ये मंदिर ट्रस्ट के लिए अत्यंत शर्मनाक स्थिति है। कोई भी सफाई देने के लिए सामने नहीं आना चाहता है।'
उन्होंने आगे लिखा, 'न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेने की मांग है क्योंकि इसका सीधा संबंध वैश्विक स्तर पर समस्त सनातनी समाज की प्रभु राम में गहरी आस्था से जुड़ा है।' पूर्व सीएम ने इस गंभीर मामले में यूपी सरकार की चुप्पी को संदिग्ध बताया है।
