उत्तराखंड की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले उबाल देखने को मिल रहा है। दिल्ली से उत्तराखंड तक अंकिता भंडारी के मर्डर केस में न्याय की मांग करते हुए विपक्षी कांग्रेस सड़कों पर उतरी हुई है। बुधवार देर रात कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे अंकिता के माता-पिता से मिले। इसके बाद कई कांग्रेसी नेता वहीं डेरा जमाए बैठे रहे और देर रात पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। अब गुरुवार को इस मुद्दे पर उत्तराखंड कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस के दिग्गज नेता राजभवन के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे थे जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
अंकिता भंडारी मामले में बीजेपी नेता दुष्यंत गौतम पर गंभीर आरोप लगे हैं और परिवार लगातार उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा था। इस बीच दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बना दिया गया है जिसको लेकर अब परिवार गुस्से में है। इसी वजह से एक बार फिर प्रदर्शन शुरू हो गए हैं और कांग्रेस दिल्ली की तर्ज पर ही उत्तराखंड में भी प्रदर्शन कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'थानों में डोप टेस्ट करा लें', 'पंजाब बंद' के बीच किसानों का CM मान को चैलैंज
राजभवन के बाहर हंगामा
दिल्ली में अंकिता भंडारी के माता-पिता और अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन जारी हैं। देहरादून में कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोक भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने हरीश रावत समेत अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है।
हिरासत में लिए जाने के बाद हरीश रावत ने कहा, 'हमें हिरासत में ले लिया है। पुलिस के पास यह अधिकार है और उन्होंने हमें हिरासत में लिया है। हम अपना एक्शन प्रोग्राम जेल से बनाएंगे या कहां से बनाएंगे यह तय करना है।' पुलिस को कार्यकर्ताओं को लोक भवन के बाहर से हटाने में काफी मेहनत करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट, हरियाणा समेत इन राज्यों में भी बदलेगा मौसम
राजभवन में घुसने की कोशिश
अंकिता भंडारी मामले में राहुल गांधी की तरह ही उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पुलिस को चकमा देकर समर्थकों के साथ राजभवन पहुंचे और अंदर जाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। इस दौरान उन्होंने राजवभव के गेट के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस और नेताओं के भी काफी देर तक बहस भी होती रही।
हिरासत में लिए जाने के बाद गणेश गोदियाल ने कहा, 'हमारी माताएं-बहनें आज रो-रोकर पूछ रही हैं कहां गया वह चौकीदार? बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के बजाय, हत्याकांड में कथित VIP को बचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उसे राज्यपाल बना दिया।' हिरासत में लिए जाने के दौरान पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और पुलिस के बीच टकराव भी देखने को मिला।
