हाल ही में पंजाब के मानसा में परविंदर सिंह झोटा नाम के शख्स की हत्या कर दी गई थी। परविंदर को उस वक्त गोली मारी गई थी जब वह नशा बेचने के आरोपी एक दुकानदार से बहस कर रहे थे। इस घटना के बाद आज तमाम संगठनों ने 'पंजाब बंद' का आह्वान किया है। इस पंजाब बंद को किसान संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया है। इस बीच किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को चुनौती दी है कि उन्हें 10 निष्पक्ष डॉक्टरों की टीम से थानों में डोप टेस्ट करा लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इससे सारा सच सामने आ जाएगा क्योंकि पुलिस वाले खुद नशे के काम में लिप्त हैं।
'पंजाब बंद' के इस आह्वान के बाद कई इलाकों में दुकानें बंद हैं। स्कूलों को भी बंद किया गया है और ऑनलाइन क्लास चलाई जा रही हैं। इसी प्रदर्शन को देखते हुए पटियाला में टोल प्लाजा को फ्री कर दिया गया है। लोगों में इस हत्याकांड को लेकर आक्रोश है और इस केस में सीबीआई जांच की मांग की जा रही है। अमृतसर में सुबह जुटे प्रदर्शनकारियों ने पंजाब की भगवंत मान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला लेकर भी आए। यह बंद सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक के लिए बुलाया गया है। देखा जा रहा है कि इस बंद के समर्थन में ज्यादातर लोगों ने अपनी दुकानें बंद रखी हैं।
यह भी पढ़ें: ड्रग ऐक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा को गोली मारने वाला शख्स राजस्थान से गिरफ्तार
क्या बोले किसान नेता?
अमृतसर में 'पंजाब बंद' में उतरे किसानों के साथ आए सरवन सिंह पंढेर ने कहा, 'आज पंजाब बंद का आह्वान है। सड़कों पर ट्रैफिक कम है, तमाम दुकानें और कारोबार बंद हैं। इस बंद को और सफल करने के लिए हम लोग भगवंत मान सरकार का अर्थी दहन कर रहे हैं। इसके बाद हम लोग मार्च करते हुए अपने कार्यक्रम को आगे बढ़ाएंगे। हम कहते हैं कि पंजाब में जितना भी नशा बिक रहा है इसके लिए भगवंत मान सरकार जिम्मेदार है। इसका मुख्य कारण है कि पुलिस के आधे लोग नशे में लगे हुए हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'भगवंत मान हमारा चैलेंज स्वीकार करें। हमें 10 निष्पक्ष डॉक्टरों की टीम दें। हम 10 थानों में डोप टेस्ट करके सच का सच इनके सामने निकाल देंगे। भगवंत मान जो राज्य के बारे में बोल रहे हैं कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस है, यह राज्य से झूठ बोला जा रहा है। पंजाब की भगवंत मान सरकार में सबसे ज्यादा नशा बिक रहा है। भगवंत मान सरकार परविंदर सिंह झोटा के कत्ल के लिए जिम्मेदार है।'
यह भी पढ़ें: पंजाब: एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या, घिरी भगवंत मान सरकार
AAP के मुखिया
अरविंद केजरीवाल
और भगवंत मान को घेरते हुए सरवन सिंह पंढेर ने कहा, 'जिस तरह से अरविंद केजरीवाल स्क्रिप्ट लिख रहे हैं, सिसोदिया जी डायरेक्शन दे रहे हैं और भगवंत मान परफार्मेंस दे रहे हैं, मुझे लगता है कि ये हमारे युवाओं को उकसा रहे हैं। यह पंजाब की अमन-शांति के लिए बिल्कुल सही बयानबाजी नहीं है कि वह निजी रंजिश थी। बिल्कुल निजी रंजिश नहीं थी। परविंदर सिंह झोटा लोगों के लिए संघर्ष करता था। मैं कहता हूं कि नैतिकता के आधार पर सीएम भगवंत मान इस्तीफा दें। डीजीपी साहब को खुद इस्तीफा देना चाहिए। हम युवाओं और पंजाबियों से आह्वान करेंगे कि मरीजों को आने-जाने दें। इमरजेंसी सेवाएं बहाल रखी जानी चाहिए।'
क्यों बुलाया गया पंजाब बंद?
परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद उठे हंगामे के बाद ही यह पंजाब बंद बुलाया गया है। सुबह से ही मानसा से लेकर अमृतसर और कई अन्य शहरों में प्रदर्शनकारी जुट रहे हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंजाब पुलिस ने भारी संख्या में तैनाती की है। अमृतसर सिटी के डीसीपी जसकरणजीत सिंह तेजा ने इस बारे में कहा, 'किसी को धक्के से कुछ नहीं करने देंगे। अगर कोई अपनी मर्जी से दुकान बंद करना चाहते हैं तो हम उसे नहीं रोंकेगे। अभी तक सब शांतिपूर्ण चल रहा है और पर्याप्त पुलिस बल तैनात है।'
यह भी पढ़ें: ड्रग ऐक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की मौत के बाद पंजाब में बवाल
बता दें कि परविंदर सिंह झोटा के पिता ने लोगों से अपील की है कि वे इस पंजाब बंद को सफल बनाएं। उन्होंने यह भी कहा है कि अगर बारिश भी हो रही हो तब भी साथ दें। इस केस के मुख्य आरोपी को पहले ही राजस्थान से गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके घर पर दुकान पर बुलडोजर भी चलवाया गया है।