मध्य प्रदेश के इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के केस ने एक बार फिर सुर्खियां पकड़ ली हैं। जून 2025 में मेघालय में हनीमून के दौरान हुई उनकी हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया था। अब इस मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है, जिसने लोगों की जिज्ञासा बढ़ा दी है। राजा रघुवंशी के परिवार में हाल ही में एक बच्चे का जन्म हुआ है, जिसके बाद उनके घर में खुशी का माहौल है। बच्चे के पैदा होने का समय इतना खास है कि अब राजा रघुवंशी के परिवार वाले इसे पुनर्जन्म बता रहे हैं।
राजा रघुवंशी के घर एक बच्चे के जन्म को लेकर उनके परिवार ने बड़ा दावा किया है। परिवार का मानना है कि यह नवजात बच्चा कोई और नहीं बल्कि राजा रघुवंशी का पुनर्जन्म है। बच्चे का जन्म उनके बड़े भाई सचिन रघुवंशी के घर हुआ है और परिवार ने उसका नाम भी 'राजा' रखा है।
यह भी पढ़ें: बिहार: नालंदा के शीतला माता मंदिर में मची भगदड़, 8 महिलाओं की मौत
समय और तारीख का अनोखा संयोग
परिवार के इस दावे के पीछे एक खास वजह भी बताई जा रही है। उनका कहना है कि राजा रघुवंशी की हत्या दोपहर करीब 2:40 बजे एकादशी के दिन हुई थी। वहीं, नवजात बच्चे का जन्म भी लगभग उसी समय दोपहर 2:42 बजे और वह भी एकादशी के दिन ही हुआ। राजा के छोटे भाई विपिन रघुवंशी का कहना है कि यह महज संयोग नहीं हो सकता। उनका मानना है कि इतनी सटीक टाइमिंग किसी खास संकेत की ओर इशारा करती है। परिवार का यह भी दावा है कि बच्चे की कुंडली राजा से काफी मिलती-जुलती है, जिससे उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।
राजा की मां उमा रघुवंशी का कहना है कि नवजात का चेहरा उनके बेटे के बचपन से काफी मिलता-जुलता है। इससे परिवार के लोगों को ऐसा महसूस हो रहा है कि उनका बेटा किसी न किसी रूप में वापस आ गया है। परिवार ने यह भी बताया कि तेरहवीं के दौरान एक पंडित ने कहा था कि असामान्य मृत्यु के बाद आत्मा अपने अधूरे जीवन चक्र को पूरा करने के लिए परिवार में ही दोबारा जन्म ले सकती है।
यह भी पढ़ें: BJP में ही क्यों शामिल हुए टेनिस के दिग्गज लिएंडर पेस? खुद बताई वजह
राजा रघुवंशी कौन थे?
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी एक चर्चित मर्डर केस के बाद सुर्खियों में आए। उनकी 24 वर्षीय पत्नी सोनम रघुवंशी पर आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद मेघालय में हनीमून के दौरान उसने साजिश रचकर अपने पति की हत्या करवा दी। 23 मई को कपल के लापता होने के बाद मामला सामने आया और 2 जून को राजा का शव बरामद हुआ।
मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सरेंडर कर दिया। जांच में खुलासा हुआ कि उसने कथित तौर पर कुछ लोगों को पैसे देकर हत्या करवाई। इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच मेघालय, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस ने मिलकर की।
