बिहार के नालंदा में एक सरकारी स्कूल में मिड–डे मील खाने से दो दर्जन से ज्यादा बच्चों की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। आरोप है कि मिड–डे मील में एक्स्ट्रा नमक मांगने पर उसकी जगह सर्फ मिला दिया गया था। खाना खाते ही एक-एक कर बच्चों को उल्टी और चक्कर आने लगे। स्कूल का मंजर देखते ही परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बच्चों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

 

बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती बच्चों को डॉक्टरों की निगरानी में रखकर इलाज किया जा रहा है। हालांकि, डॉक्टरों ने कहा है कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। यह मामला नूरसराय थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय परासी का है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल के पेंशनरों को खुशखबरी: एरियर की नई किस्त जारी, अगस्त में आएगा पैसा

 

प्रिंसिपल ने बताई पूरी कहानी

 

स्कूल के प्रिंसिपल का इस मामले पर कहना है कि मिड डे मील का खाना एक एनजीओ से आता है। मंगलवार को खाने मेनू के मुताबिक, बच्चों को सोयाबीन-चावल परोसा गया था। कुछ बच्चे खाना खा चुके थे। इसके बाद दूसरी लाइन में बैठे बच्चे खाना खा रहे थे। इसी दौरान बच्चों ने खाने में नमक कम होने की शिकायत की। किचन में नमक और सर्फ का डिब्बा एक ही जगह रखा हुआ था। बच्चों की शिकायत के बाद रसोइया ने गलती से नमक की जगह सर्फ डालकर खाना परोस दिया।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: दाभोलकर हत्या के दोषी सचिन अंदुरे को मिली जमानत, उम्रकैद की सजा पर भी रोक

 

पहले प्राथमिक उपचार करने का किया प्रयास

 

खाना खाने के कुछ देर बाद ही बच्चों को उल्टी और चक्कर आने लगे। टीचरों ने स्कूल स्तर पर पहले प्राथमिक उपचार करने की कोशिश की लेकिन बच्चों की हालत खराब होने पर उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया।