बिहार के भागलपुर जिले में एक महिला अपने पति के साथ देर रात घूमने निकली थी, जहां कुछ हथियारबंद बदमाशों ने बीच सड़क पर ई-रिक्शा रोक लिया, पति और उसके परिजन की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद नवविवाहिता को बंदूक की नोक पर जबरन अपने साथ ले गए। घटना सोमवार देर रात की है। शादी के महज 19 दिन बाद पत्नी के अपहरण से पीड़ित परिवार सदमे में है।
पीड़ित आनंद कुमार भागलपुर के सुल्तानगंज का रहने वाला है। उसने 29 जून को खड़गपुर निवासी अर्चना कुमारी से शादी की थी। सोमवार को वह अपनी पत्नी, बहन, बहनोई और भांजे के साथ मुंगेर घूमने आया था। रात में सभी ई-रिक्शा से जमालपुर स्टेशन लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में तीन बाइक पर सवार कुछ युवक उनका पीछा करने लगे।
हवाई अड्डा पहुंचते ही एक दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने ई-रिक्शा को चारों तरफ से घेर लिया।
यह भी पढ़ें: पति और देवर को नींद की गोलियां खिलाईं, रुपये और गहने लेकर फरार, पुलिस का खुलासा
पीड़ित आनंद का कहना है कि बदमाशों ने बिना कुछ बोले पहले उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव में आए उसकी बहन, बहनोई और भांजे को भी बदमाशों ने लाठी-डंडों और हथियारों से पीटा। सड़क पर चीख-पुकार मच गई लेकिन देर रात होने के कारण मदद के लिए कोई नहीं आया। आनंद का आरोप है कि मारपीट के बाद बदमाशों ने 20 साल की नवविवाहिता अर्चना कुमारी को ई-रिक्शा से जबरन उतारा। इसके बाद हथियार के बल पर उसे एक बाइक पर बैठाकर जमालपुर की ओर फरार हो गए। घटना के बाद सड़क पर खून और टूटे हुए ई-रिक्शा के पुर्जे बिखरे पड़े थे।
थाने से थाने भटकता रहा पीड़ित परिवार
घटना के बाद घायल अवस्था में आनंद अपने परिजन के साथ जमालपुर थाना पहुंचा। पुलिस की टीम मौके पर भी गई, जबकि प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटनास्थल कासिम बाजार या सफियासराय थाना क्षेत्र में पड़ता है। पीड़ित परिवार देर रात तक थाने से थाने भटकता रहा। सुबह होते-होते एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस ने नवविवाहिता की बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड हुई तेज बारिश, पाइप में फंसा 6 साल का बच्चा, नहीं बचा पाया प्रशासन
शादी से पहले था प्रेम संबंध?
पीड़ित पति आनंद कुमार ने पुलिस को दिए बयान में एक बड़ा दावा किया है। उसका कहना है कि उसकी पत्नी अर्चना का शादी से पहले किसी युवक से प्रेम संबंध था। उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। आनंद के अनुसार, अपहरण करने वाले युवक उसी पक्ष के लोग थे, जो इस रिश्ते से नाराज थे। हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और अपहरण के अन्य कारणों को भी खंगाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें: बिहार की सड़कों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, मिलने वाली हैं 100 पीएम ई-बसें
पुलिस कर रही छापेमारी
देर रात बीच सड़क पर हुई इस वारदात के बाद मुंगेर-जमालपुर मार्ग पर दहशत का माहौल है। राहगीरों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी लूट और छिनतई की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन इस तरह की वारदात देर रात होना बेहद चिंताजनक है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम गठित की है। टीम नवविवाहिता अर्चना कुमारी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। अभी पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती नवविवाहिता को सकुशल बरामद करना है। दूसरी चुनौती अपहरण में शामिल एक दर्जन बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पीड़ित के बताए गए नामों और बाइक नंबर के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है।
