उत्तराखंड के विकासनगर जिले में बारिश के कहर ने एक बच्चे की जान ले ली। जहां तेज बारिश के वजह से 6 साल का लड़का सड़क के पाइप में फंस गया। स्थानीय लोगों ने बच्चे को पाइप से निकालने की कोशिश की थी। कई घंटे बाद जेसीबी की मदद से बच्चे को पाइप से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह घटना विकासनगर के नवाबगढ़ की खादर बस्ती की है, जहां शनिवार को 6 साल का बच्चा अरमान सड़क की पाइप में फंस गया। अरमान के परिवार ने इस घटना के लिए सड़क निर्माण को दोषी ठहराया है। उनका आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए गड्ढे में पाइप लगाई गई थी, जिसके बाद सड़क का गड्ढा खुला छोड़ दिया गया, जो बच्चे की मौत की वजह बन गया।
यह भी पढ़ें: सड़कें धंसी, बहा बस स्टैंड, 250 गाड़ियां लापता, जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से तबाही
JCB से की थी रेस्क्यू की कोशिश
मृतक के परिवार वालों ने बताया कि अरमान अपने दोस्तों के साथ सड़क किनारे खेल रहा था। तभी बारिश के पानी के तेज बहाव में अरमान लगभग 10 इंच की पाइप में फंस गया। इसके बाद अरमान के दोस्तों ने परिवार को जानकारी दी, तो इलाके के लोगों ने उसे पाइप से निकालने की कोशिश की। बाद में पुलिस ने जेसीबी बुलाई और अरमान को लगभग 30 मिनट बाद पाइप से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और बच्चे की जान जा चुकी थी।
इस मामले को लेकर अरमान के परिवार ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इस मामले को लेकर विकासनगर के क्षेत्राधिकारी ने बताया कि परिजनों ने पुलिस को शिकायत नहीं दी है। साथ ही परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से भी मना कर दिया है। हालांकि स्थानीय पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'ब्रिटेन में दिलाएंगे एडमिशन...', पढ़ाई के नाम पर ठगी, पकड़ा गया मास्टरमाइंड
परिवार में गम का माहौल
पुलिस के मुताबिक, मृतक अरमान नर्सरी कक्षा में पढ़ता था। अरमान के तीन भाई-बहन थे, जिनमें वह सबसे छोटा था। अरमान के पिता पेशे से मजदूर हैं और उसकी मां गृहिणी हैं, जो इस समय बेटे के निधन से बेहद दुखी हैं। मृतक अरमान के परिवार ने सड़क बनाने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सरकार से मुआवजे की भी मांग की है।