बिहार के मोतिहारी में बंद चीनी मिल को फिर से शुरू करने की दिशा में जल्द काम शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोतिहारी के गांधी मैदान से यह बड़ा एलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोतिहारी की पहचान चीनी मिल से रही है। इसे फिर से शुरू किया जाएगा ताकि किसानों और युवाओं को रोजगार मिल सके। मुख्यमंत्री पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित बापूधाम महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्वी चंपारण जिले के विकास को नई गति देते हुए करीब 285 करोड़ रुपये की लागत से 145 विभिन्न विकास योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा, 'पूर्वी चंपारण जिले में विकास के कई काम कराए जा रहे हैं। मोतिहारी में बंद चीनी मिल को फिर से शुरू करने के साथ कई नई योजनाओं पर भी काम किया जाएगा। इन योजनाओं से क्षेत्र में विकास के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।'
यह भी पढ़ें: सोन नदी के जल बंटवारे पर बिहार-झारखंड में सहमति, 25 साल पुराना विवाद सुलझा
मोतिहारी को कई बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने मोतिहारी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने कहा, 'बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा। केंद्रीय विद्यालय जिसे पहले पीपराकोठी में बनाने का निर्णय लिया गया था अब आम जनता की मांग पर बरियारपुर में बनाया जाएगा।'
नेहरू स्टेडियम में जहां अभी केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहा है वहां इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। मत्स्य समृद्धि क्लस्टर और फिश प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। मोतिहारी में अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा जिससे कला और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। तेतरिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क का निर्माण किया जाएगा। मोतिहारी में संचालित मदर डेयरी से भी बड़ी मदर डेयरी स्थापित करने की योजना है।
मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा। मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर, अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक पथ और नाला निर्माण कराया जाएगा। इसे मरीन ड्राइव के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, 'यह मोतिहारी का सबसे खूबसूरत प्रोजेक्ट होगा।'
यह भी पढ़ें: तेज प्रताप के आरोपों पर मंत्री संजय सिंह का पलटवार, भेजा 50 करोड़ का नोटिस
सड़कों का होगा विस्तार
पीपरा एनएच-27 से राजपुर चौक भाया कल्याणपुर पथ का 17 किलोमीटर चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा। शीतलपुर से रमडीहा भाया नवस्थापित-निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पथ का भी चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा। अरेराज मंदिर तक जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा।
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, मोतिहारी से फायरिंग रेंज के पीछे होते हुए धनौती नदी के लेफ्ट बैंक पर मजुराहों में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय आरसीसी पुल के पहुंच पथ तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, 'वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और रक्सौल में एयरपोर्ट बनने जा रहा है। रक्सौल में जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो गया है। मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से भी जोड़ा जाएगा। पूर्वी चंपारण जिले में विकास के कई काम कराए जा रहे हैं। चिरैया में एथलेटिक्स ट्रैक बनाया जा रहा है। लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल संरचना का विकास किया जा रहा है।'
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, समाज कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने आमजनों और आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अभियान बसेरा के तहत सुयोग्य श्रेणी के लाभुकों को सरकारी भूमि का बासगीत पर्चा भी प्रदान किया।
यह भी पढ़ें: बिहार में खाद की कालाबाजारी पर सख्ती, मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बाढ़ और जल प्रबंधन पर काम
मुख्यमंत्री ने कहा, 'बिहार में गंडक, कोसी, बागमती और गंगा नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। सरकार बाढ़ और जल प्रबंधन के लिए लगातार काम कर रही है। वर्ष 2030 के चुनाव से पहले बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने और सरकारी नौकरियों के अवसर पैदा कर एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।' मछली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उत्तर बिहार में बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी एक करोड़ 81 लाख महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किए जा रहे हैं। जीविका दीदियों को पशु सखी के रूप में गाय और बकरी पालन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्टार्टअप के माध्यम से महिलाओं को जोड़कर उन्हें दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा, 'बिहार में पीएचडी करने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 4,600 है जिनमें छात्राओं की संख्या पहले काफी कम थी। छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएचडी छात्राओं को चार वर्षों तक हर महीने 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है। बिहार में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में 700 मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन शिक्षकों की उपलब्धता के साथ-साथ जेईई और नीट की तैयारी की व्यवस्था भी की जा रही है।' आजादी के बाद अब तक बिहार में मात्र 278 डिग्री कॉलेज थे। राज्य सरकार ने 15 जुलाई 2026 को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन की शुरुआत कराई है। इससे विद्यार्थियों को प्रखंड स्तर पर ही डिग्री कॉलेज की शिक्षा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चंपारण से जुड़े योगदान को याद करते हुए कहा, 'महात्मा गांधी ने चंपारण के किसानों को नील की खेती और अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। बापूधाम महोत्सव चंपारण की इसी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।'
