बिहार के वैशाली जिले में एक शादी के समारोह उस वक्त ड्रामा हो गया जब दुल्हन ने भरी स्टेज पर दूल्हे के साथ शादी करने से साफ इनकार कर दिया। मामला वैशाली के बिद्दूपुर का है। दरअसल, दूल्हे ने अपनी होने वाली दुल्हन को धमकी दे दी थी, जिससे वह नाराज हो गई और शादी करने से मना कर दिया। यही नहीं शादी टूटने के बाद बाराती और घरातियों में मारपीट हो गई। रिश्तेदारी में बदलने वाला रिश्ता दुश्मनी में बदल गया।
मारपीट के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिससे दोनों पक्ष शांत हुए। पुलिस दोनों पक्षों के मुख्य लोगों को थाने ले गई। पुलिस ने जानकारी दी कि थाने में लड़की की मौसी ने पुलिस को बताया की दूल्हा वरमाला के समय लड़की को बोला की घर चलो तुमको ठीक करेंगे। इसके बाद दुल्हन भड़क गई और शादी करने से मना कर दिया।
यह भी पढ़ें: UP में स्मार्ट मीटर को बवाल जारी, लोग बोले बिजली काट रहे, बैकफुट पर योगी सरकार
किस बात पर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, जंदाहा थाने के अरनिया गांव के रामचंद्र राम के बेटे कुंदन कुमार की शादी कुतुबपुर के विजय राम की बेटी मौसम कुमारी से तय हुई थी। दूल्हा बारातके साथ पहुंचा। नाच-गाने के बाद स्टेज पर वरमाला की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान बारात पक्ष के लड़के अचानक से दुल्हन के कमरे में घुस गए।
मनचले लड़के मना करने के बाद भी कमरे से बाहर नहीं निकल रहे थे। इसके बाद घराती पक्ष ने जबरन धक्का देकर दुल्हन के कमरे से लड़कों को बाहर निकाल दिया। इस बात से दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और बाराती मनचले लड़की पक्ष के लोगों के साथ में मारपीट करने लगे।
यह भी पढ़ें: 7 साल की बच्ची को उठाया और पार्क में किया रेप, UP पुलिस ने कर दिया बेहाल
वरमाला के दौरान दुल्हन को धमकी
दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें दर्जनों लोग घायल हो गए। मारपीट में डंडे और कुर्सियां भी खूब चलीं। बारात के साथ आई एक बोलेरो, अर्टिगा और दो स्कॉर्पियो तोड़ दी गईं। मारपीट देख दूल्हा आग बबूला हो गया और वरमाला में ही दूल्हे ने दुल्हन से कह दिया कि शादी के बाद घर चलो, तब तुमको ठीक कर देंगे।
दूल्हा राजी, दुल्हन का साफ इनकार
इसके बाद मामला थाने पहुंचा तो दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। हालांकि, समझाने पर लड़का शादी के लिए तैयार हो गया लेकिन दुल्हन ने शादी से मना कर दिया है।
