आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने अपने भतीजे को मौत के घाट उतार दिया। उसे शक था कि उसकी पत्नी का भतीजे के साथ प्रेम संबंध है। आरोपी शख्स ने अपने भतीजे को नशे की हालत में ईंटों और बीयर की बोतलों से पीटा, जिस वजह से भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह घटना तिरुपति के अनंतपुर गांव की है, जहां पीड़ित भतीजा रहता था। मृत लड़के की उम्र 17 साल थी और वह एक कॉलेज में इंटरमीडिएट का छात्र था। पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी शख्स ने कई बार भतीजे को अपनी पत्नी से दूर रहने के लिए कहा था। इसके बाद 19 अप्रैल की रात को एक सुनसान जगह पर भतीजे की हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: पत्नी सो रही थी, पति ने बेटियों का गला रेत दिया, फोन करके बुलाई पुलिस
कैसे की भतीजे की हत्या?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी शख्स ने शनिवार की रात भतीजे को अपने मतभेद सुलझाने के लिए गांव के पास बुलाया था। उस समय आरोपी नशे में था। वह भतीजे को गांव के पास एक ईंटों के कारखाने के पास ले गया। वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपी चाचा ने भतीजे पर ईंटों और बीयर की बोतलों से हमला कर दिया, जिससे भतीजे ने वहीं दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: 'DM साहब, जिंदा हूं मैं...', कागजों में मुर्दा बताया तो कफन ओढ़कर लेट गया शख्स
पुलिस की जांच जारी
अनंतपुर के पुलिस अधिकारी एन शेख ने इस मामले को लेकर बताया है कि आरोपी चाचा काफी समय से अपने भतीजे और पत्नी के बीच अवैध संबंध को लेकर शक कर रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित भतीजे का शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी शख्स की तलाश जारी है, जो घटना के बाद से फरार है। इसके अलावा पुलिस गांव के अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि इस घटना के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी मिल सके।
