उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज छात्रों की गूंज कार्यक्रम करने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही सुर्खियों में बना हुआ है। पहले इस कार्यक्रम के लिए परेड ग्राउंड की अनुमति प्रशासन ने रद्द कर दी और अब दूसरे स्थान पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम की तैयारी के दौरान कांग्रेस नेता अमर मेहता का एक हादसे में निधन हो गया। कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने कांग्रेस ने अमर सिंह मेहता पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर खड़ा किया गया लोहे का पिलर गिर पड़ा। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

 

इसके तुरंत बाद  उन्हें गंभीर स्थिति में सीएमआई अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी जांच की लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। सीएमआई अस्पताल में न्यूरो सर्जन डॉक्टर महेश कुड़ियाल ने कांग्रेस नेता के निधन की पुष्टि की। उत्तराखंड कांग्रेस के लिए इसे एक बड़ा झटका माना जा रहा है। उनके निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

यह भी पढ़ें: दादी की मौत के बाद तीसरी में देखा डॉक्टर बनने का सपना, अब NEET में किया टॉप

 

लोहे का पिलर गिरने से हादसा

जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी के देहरादून दौरे से पहले कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान मंच और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए कांग्रेस नेता अमर मेहता पहुंचे थे। मंच पर काम चल ही रहा था और अचानक एक लोहे का पिलर उनके ऊपर गिर गया। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उन्होंने दम तोड़ दिया।

 

कांग्रेस ने जताया शोक

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि आयोजन स्थल बन्नू स्कूल ग्राउंड में छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही थी। कार्यक्रम को लेकर क्रेन के माध्यम से वाटरप्रूफ टेंट लगाए जा रहे थे, लेकिन तभी कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर लोहे का गार्डर गिर गया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी हादसे में उनकी मौत हो गई। उन्होंने उनकी मौत पर दुख जाहिर किया। 

 

यह भी पढ़ें: 'करोड़ों अमेरिकियों का डेटा चीन के पास', फेल है वोटिंग सिस्टम, ट्रंप का दावा

 

छात्रों के मुद्दे उठाएंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी आज उत्तराखंड आएंगे और इस दौरान वह छात्रों से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। राहुल गांधी ने इस दौरे से पहले सोशल मीडिया पर एक संदेश जारी कर कहा कि वह 17 जुलाई को देहरादून इसलिए आ रहे हैं क्योंकि देवभूमि उत्तराखंड को पेपर लीक का एपिसेंटर बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी UKSSSC की परीक्षाओं में एक ऐसा तंत्र विकसित हो गया है, जहां पटवारी और लेखपाल जैसी सरकारी नौकरियां योग्यता से नहीं, बल्कि अपराधियों द्वारा तय की गई कीमतों पर मिल रही हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यह स्थिति युवाओं के साथ अन्याय है और इससे उनकी मेहनत और सपनों पर सीधा हमला हो रहा है। आज वह केंद्र और उत्तराखंड सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे।