राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हाफ मैराथन का आयोजन होगा। इसके लिए 18 अक्टूबर को मेट्रो की कुछ चुनिंदा लाइनों पर सुबह 3 बजकर 30 मिनट से सेवाएं शुरू होंगी, ताकि मैराथन में शामिल होने वाले लोग वहां आसानी से पहुंच सकें। यह सुविधा वायलेट, ब्लू, येलो और रेड लाइन पर उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही मैराथन में शामिल होने वाले रनर्स को मेट्रो में मुफ्त सफर करने की सुविधा मिलेगी। उनके आने-जाने का किराया मैराथन के आयोजक देंगे।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने घोषणा की है कि 18 अक्टूबर को चार मेट्रो लाइनों पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जो लोग इस मैराथन में दौड़ेंगे, उनके लिए मेट्रो का सफर मुफ्त होगा। अब सवाल उठता है कि कौन-सी मेट्रो किस स्टेशन से शुरू होगी।
यह भी पढ़ें: 'मेरा नाम नेताओं और अफसरों से ना जोड़ें', फरार चल रही श्रद्धा दुबे ने की अपील
DMRC ने किया ऐलान
डीएमआरसी ने बताया कि मैराथन के आयोजक वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में शामिल होने वाले रनर्स के आने-जाने का खर्च देंगे। इसके लिए सभी रनर्स को QR टिकट दिया गया है। इसी टिकट के जरिए मैराथन में हिस्सा लेने वाले सभी लोग मुफ्त में सफर कर पाएंगे।
इसके अलावा, डीएमआरसी ने जानकारी दी है कि मैराथन में शामिल होने वाले लोगों की मदद के लिए कुछ खास इंतजाम किए जाएंगे। इसके तहत मेट्रो के कुछ स्टेशनों पर मैराथन आयोजकों के वॉलंटियर्स मौजूद होंगे। ये वॉलंटियर्स जोर बाग, जनपथ, JLN स्टेडियम और जंगपुरा स्टेशनों पर तैनात रहेंगे।
यह भी पढ़ें: 'BJP को मजबूत करने के लिए काम करेंगे', राज्यपाल बने बृज मोहन के बयान पर मचा बवाल
कब और कौन-सी मेट्रो चलेंगी?
डीएमआरसी की जानकारी के मुताबिक, वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के लिए मेट्रो सेवाएं सुबह 3 बजकर 30 मिनट से लेकर सुबह 6 बजकर 20 मिनट तक चलेंगी। इस दौरान हर 15 मिनट में स्टेशन पर मेट्रो आएगी। इसके बाद सभी मेट्रो सेवाएं सामान्य समय-सारिणी के अनुसार चलेंगी। यानी मेट्रो पूरे दिन सामान्य तौर पर चलेगी।
वायलेट लाइन- कश्मीरी गेट से लेकर राजा नाहर सिंह तक चलेगी।
रेड लाइन-रिठाला से शहीद स्थल (न्यू बस अड्डा) तक जाएगी।
येलो लाइन- समयपुर बादली से लेकर मिलेनियम सिटी सेंटर, गुरुग्राम तक चलेगी।
ब्लू लाइन- द्वारका सेक्टर-21 से लेकर नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक चलेगी।
