दिल्ली के नरेला इलाके में गुरुवार सुबह एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात बांकनेर गांव में एक जिम के बाहर हुई। मृतक की पहचान प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। वह हरियाणा के सोनीपत जिले के नाहरी गांव के रहने वाले थे। प्रमोद रोज की तरह सुबह जिम करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

गोली लगने के बाद प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।स सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसापन लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेड खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। हत्या की वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है।

 

यह भी पढ़ें: ऐक्टिंग सीखने नहीं जाना होगा दिल्ली, बिहार में ही खुलेगा NSD का नया कैंपस

रंगदारी की धमकी मिल रही थी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रमोद को पिछले कुछ दिनों से रंगदारी के लिए धमकी भरे कॉल आ रहे थे। उनसे मोटी रकम मांगी जा रही थी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इन धमकियों के बाद वह अपने एक दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी से आने-जाने लगे थे। इसके बावजूद हमलावरों ने जिम जाते समय उन्हें निशाना बना लिया। पुलिस अब इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में तालाब-पोखर से हटेगा अतिक्रमण, अलग से बनेगी मॉनीटरिंग सेल

तीन हमलावरों ने की फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह प्रमोद जिम पहुंचे थे। जिम से बाहर निकलते समय हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फाइरिंग शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। इस घटना में तीन हमलावर शामिल थे। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

 

प्रमोद कुमार का मुकुल प्रॉपर्टी के नाम से कारोबार था। सोनीपत के नाहरी गांव में उनका मुकुल गार्डन नाम से बैंक्वेट हॉल भी बताया गया है। हत्या की जानकारी मिलने के बाद उनके रिश्तेदार और जानने वाले भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे रंगदारी के अलावा दूसरी वजहों की भी जांच कर रही है। इसके अलावा पुलिस प्रमोद के फोन कॉल्स की जानकारी भी खंगाल रही है।