पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए भैरोगंज के उप मुखिया अशोक दास और वार्ड पार्षद राधेश्याम राम को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अभी तक वारदात की वजह स्पष्ट नहीं है। मगर ग्रामीणों में चर्चा है कि वारदात के पीछे पंचायती चुनाव या जमीन का विवाद हो सकता है। 

 

जानकारी के अनुसार भैरोगंज पंचायत के उप मुखिया अशोक दास और वार्ड सदस्य राधेश्याम राम अपने काम से जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। तब तक अपराधी मौके से फरार हो चुके थे। खून से लथपथ दोनों नेता जमीन पर पड़े थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना भैरोगंज थाना पुलिस को दी। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को उठाकर बगहा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

 

यह भी पढ़ें: 12 ट्रेनें रद्द, कई के रूट बदले; चंडीगढ़ स्टेशन पर 35 दिन का ब्लॉक

बेतिया GMCH रेफर, डॉक्टरों ने बताया हालत नाजुक

घटना के बाद आनन-फानन दोनों घायलों को बगहा अनुमंडलीय अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बेतिया GMCH रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उप मुखिया अशोक दास को दो गोली लगी है, एक पेट में और एक हाथ में। वहीं वार्ड पार्षद राधेश्याम राम को सीने के पास गोली लगी है। दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेतिया में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि अधिक खून बह जाने से दोनों की स्थिति गंभीर है। 

घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ

घटना की सूचना मिलते ही भैरोगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ ही वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। घटनास्थल से पुलिस को दो खोखे भी मिले है।

 

यह भी पढ़ें: 'युद्ध रुकवाने में भारत मदद करने को तैयार है', यूक्रेन में बोले जयशंकर

 

बगहा एसडीपीओ निहार भूषण भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इलाके की नाकेबंदी कर दी है। आसपास के थानों को अलर्ट कर दिया गया है।