उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है जिसने सभी को हैरान कर दिया। टीपीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करने पहुंच गए। चिता को आग भी लगा दी गई थी, लेकिन इसी दौरान यूपी-112 पर किसी ने फोन कर दिया।

सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जलती चिता से महिला का शव निकलवाकर कब्जे में ले लिया। शुरुआती जांच में महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और साक्ष्य मिटाने की साजिश की हर पहलू से जांच कर रही है।

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची थी महिला

मामला मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती का है। यहां रहने वाले सुरेश उर्फ टीटू की 45 वर्षीय पत्नी विमलेश रविवार रात गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। परिजन उन्हें पहले एक निजी अस्पताल और बाद में केएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बिना सूचना दिए शुरू कर दिया अंतिम संस्कार

महिला की मौत के बाद परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। शव को श्मशान घाट ले जाकर चिता को अग्नि भी दे दी गई। इसी बीच किसी व्यक्ति ने यूपी-112 पर सूचना दी कि महिला की हत्या की गई है और साक्ष्य मिटाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: 200 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का सरगना 5वीं पास, कोलकाता से हुआ अरेस्ट

जलती चिता से निकलवाया शव, परिजनों ने किया विरोध

सूचना मिलते ही टीपीनगर थाना पुलिस इंस्पेक्टर अरुण मिश्रा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। उस समय चिता जल रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जलती चिता से शव निकलवाया। इस दौरान परिजनों ने विरोध भी किया, जिससे श्मशान घाट पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

गर्दन पर मिले धारदार हथियार के निशान

प्रारंभिक जांच में महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के संकेत मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सके। फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पति गिरफ्तार, हत्या के कारण की जांच जारी

पुलिस ने पूछताछ के बाद मृतका के पति सुरेश उर्फ टीटू को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात के पीछे घरेलू विवाद था या कोई अन्य वजह। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराया जा रहा था।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में तय होगा राम मंदिर ट्रस्ट के नए महासचिव का नाम, किसके नाम की चर्चा?

एसपी सिटी ने क्या कहा?

मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि महिला की हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अंतिम संस्कार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जलती चिता से शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।