पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा के यौन शोषण के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने गैंगरेप होने की बात को खारिज कर दिया है। पुलिस का दावा है कि पीड़िता के साथ ही एक ही व्यक्ति ने यौन शोषण किया था। वहीं, पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के एक दोस्त को भी गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 


पुलिस ने बताया कि वारदात वाली शाम जब पीड़िता कॉलेज परिसर के बाहर खाना लेने गई थी, तब उसका दोस्त उसके साथ ही था। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के दोस्त पर शक के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

 

यह भी पढ़ें-- कौन हैं नवनीत चतुर्वेदी, जिनके लिए भिड़ गई पंजाब-चंडीगढ़ की पुलिस

दोस्त के बारे में पुलिस ने क्या बताया?

पीड़िता के पिता ने पहले आरोप लगाया था कि अपराध के पीछे उनकी बेटी के दोस्त का रोल हो सकता है। अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में वह पीड़िता के साथ शाम करीब 7:58 बजे कॉलेज परिसर से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसे रात 8:42 बजे अकेले परिसर में लौटते हुए और कुछ देर बाद फिर बाहर जाते हुए देखा गया।


अधिकारी ने बताया कि फुटेज में पीड़िता और उसका सहपाठी रात करीब 9:29 बजे परिसर में आते हुए दिखाई दे रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें-- सनातन विरोधी कहा तो लगाए 'जय श्रीराम' के नारे, कौन हैं CSP हिना खान?

अपराध में एक ही व्यक्ति शामिल था: पुलिस

पहले माना जा रहा था कि पीड़िता का गैंगरेप हुआ है। हालांकि, अब पुलिस का मानना है कि इस अपराध में एक ही व्यक्ति शामिल था।


आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस कमिश्नर सुनील चौधरी ने हुए कहा कि पीड़िता के दोस्त की भूमिका हमारी जांच के दायरे में है और वह संदेह के दायरे से बाहर नहीं है। हम उससे पूछताछ कर रहे हैं। 


उन्होंने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञों ने अपराध स्थल की धूल साफ़ कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य के नमूने जुटा लिए गए हैं। चौधरी ने कहा, 'हमने पीड़िता का मोबाइल, जो उससे छीना गया था, एक आरोपी के पास से बरामद कर लिया है। पुलिस ने आगे की जाँच के लिए सभी छह आरोपियों के पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए हैं। हम आरोपियों के साथ पुलिस चौकी गए और क्राइम सीन को रिक्रिएट किया था।'


उन्होंने बताया कि 'तकनीकी सबूत और पीड़िता के बयान के अनुसार, बलात्कार एक ही व्यक्ति ने किया था। हम इस वारदात में शामिल बाकी लोगों की भूमिका की जांच कर रहे हैं।'