दिल्ली के कंझावला इलाके में थोड़े से पैसे को लेकर हुआ झगड़ा खूनी वारदात में तब्दील हो गया। 30 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुए झगड़े में 70 साल के एक बुजुर्ग ने अपने ही दामाद की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी दिनेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 16 मार्च की है, जब झगड़े की सूचना मिलने पर PCR टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक शख्स ने अपने दामाद अगलू को मार के घायल कर दिया था और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा चुका था।
घायल अगलू को पहले संजय गांधी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था लेकिन जब उसकी हालत बिगड़ गई तो उसे सफदरजंग हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने कहा कि उसे गंभीर चोटें आई थीं जो जानलेवा साबित हुईं।
यह भी पढ़ें: भरभराकर गिर गया कोल्ड स्टोरेज, कई मजदूर मलबे में दबे, कुछ के मरने की आशंका
विवाद क्यों पैदा हुआ?
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की जड़ में सिर्फ 30 हजार रुपये का कर्ज था। मृतक अगलू और उसकी पत्नी सविता ने अपने ससुर दिनेश शर्मा से यह रकम उधार ली थी। 16 मार्च की शाम इसी रकम की वापसी को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि 70 साल के दिनेश ने आपा खो दिया और पास पड़े एक भारी लकड़ी के डंडे से अपने दामाद अगलू पर हमला कर दिया। प्रहार इतना जोरदार था कि अगलू वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
यह भी पढ़ें: 'मुस्लिम घर में हिंदू लड़कियों की शादी करा रहा RSS', अविमुक्तेश्वरानंद का आरोप
पुलिस ने तीन राज्यों में ली तलाशी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दिनेश शर्मा फरार हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए दिल्ली, हरियाणा और बिहार में कई ठिकानों पर छापेमारी की। तकनीकी सर्विलांस से संकेत मिले थे कि आरोपी अपने पैतृक गांव बिहार के समस्तीपुर भागने की योजना बना रहा है, जिसके बाद एक विशेष टीम को बिहार के लिए रवाना किया गया।
हालांकि, पुलिस की सक्रियता और घेरेबंदी के कारण वह दिल्ली से बाहर नहीं निकल सका। आखिरकार, एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कंझावला इंडस्ट्रियल एरिया के पास एक संदिग्ध ठिकाने पर रेड मारकर उसे दबोच लिया।
यह भी पढ़ें: सिद्धू ने बांट दी अपनी संपत्ति, बेटे और बेटी को क्या-क्या दिया?
आरोपी ने स्वीकारा अपराध
गिरफ्तारी के बाद कड़ी पूछताछ में आरोपी दिनेश शर्मा ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से अपने पैसों की मांग कर रहा था और उस शाम बहस के दौरान उसे इतना गुस्सा आया कि उसने जान लेने की नीयत से हमला कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया वह लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है, जिस पर खून के निशान मौजूद थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
