हरियाणा के फरीदाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुछ बारातियों ने कथित तौर पर शराब की दुकान पर काम करने वाले एक शख्स की हत्या कर दी क्योंकि उसने दुकान बंद होने की बात कहकर उन्हें शराब पिलाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद कुछ बारातियों ने शख्स को बेरहमी से पीटा, जिस वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

यह घटना बल्लभगढ़ के सेक्टर 3 इलाके की है। जहां बुधवार रात करीब 12:30 बजे एचएसवीपी मार्केट के पास शराब की दुकान पर उस शख्स के साथ झड़प हुई थी। झड़प में मरने वाले व्यक्ति का नाम आदेश है, जिसकी उम्र महज 30 साल थी। पुलिस के मुताबिक, आदेश उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है, अभी तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

 

यह भी पढ़ें: मुंबई के कॉन्सर्ट में ड्रग्स ओवरडोज से दो MBA छात्रों की मौत, 5 लोग गिरफ्तार

क्या है पूरा मामला?

पुलिस ने इस घटना को लेकर बताया है कि आरोपी बाराती गुरुग्राम से एक शादी में आए थे, जो बल्लभगढ़ के सेक्टर 3 में मौजूद मैरिज हॉल के पास एचएसवीपी मार्केट में गए थे। वहां मौजूद एक ठेके पर पहुंचे। बारातियों ने आदेश से शराब बांटने के लिए कहा था लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद बारातियों ने आदेश को पीटना शुरू कर दिया। कई लोगों ने एक साथ हमला किया जिस वजह से आदेश खुद को बचा नहीं पाया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले पर क्या कहा?

फरीदाबाद के पुलिस अधिकारी रणवीर सिंह ने कहा, 'आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।'

 

यह भी पढ़ें: कटनी स्टेशन पर आरपीएफ का बड़ा रेस्क्यू,163  बच्चों को तस्करी  से बचाया


आदेश की मौत के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची थी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।